राजस्थान में एक बार फिर से SI भर्ती परीक्षा को रद्द कराने के लिए हनुमान बेनीवाल ने सड़क पर उतरने की चेतावनी दे डाली है। और इस बार हनुमान बेनीवाल को बाबा का साथ मिल गया है। मंत्री डॉक्टर किरोडी लाल मीणा ने SI भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग उठाई है। किरोड़ी लाल मीणा ने हनुमान बेनीवाल के लिए कहा कि अच्छी बात है कि वह युवाओं की आवाज को उठाने का काम कर रहे हैं। लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मैं सरकार का हिस्सा हूं पर फिर भी SI भर्ती परीक्षा रद्द होनी चाहिए। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ही कुछ कर सकते हैं। SI भर्ती परीक्षा में इतना भ्रष्टाचार हुआ है कि 50 से ज्यादा थानेदार पकड़े गए हैं इसके बाद तो इस भरती परिक्षा को रद्द कर ही देना चाहिए। मंत्री डॉ मीणा ने कहा कि 'मेरे हिसाब से यह भर्ती परीक्षा रद्द होनी चाहिए। एसओजी, पुलिस मुख्यालय, एडवोकेट जनरल और कैबिनेट सब कमेटी सभी ने राय दी है कि यह भर्ती रद्द होनी चाहिए और मैं तो लगातार ही यही बात कह रहा हूं कि भर्ती रद्द हो। मीणा ने कहा कि इस भर्ती परीक्षा में बड़े अधिकारी भी पकड़े जा रहे हैं तो उसको रद्द करना चाहिए।
महेश जोशी की गिरफ्तारी पर बोले देर हुई, पर अंधेर नहीं
जल जीवन मिशन घोटाले में पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी पर किरोड़ी लाल मीणा ने कहा देर हुई पर अंधेर नहीं। कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने इस कार्रवाई को सही करार दिया। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि हमारी सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति पर काम किया है। जल जीवन मिशन घोटाले में कोई राजनीतिक द्वेषता से कार्रवाई नहीं हुई है। ED को शिकायत मिली और उसे उसके बाद ही गिरफ्तारी की गई है। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि इस घोटाले की यह आखिरी कड़ी नहीं है। अभी इस मामले में कई और ब्यूरोक्रेट्स की गिरफ्तारी होनी बाकी है। आपको बता दे की किरोड़ी लाल मीणा ही थे जिन्होंने सबसे ज्यादा इस मुद्दे को उठाया था। इसे लेकर कई बार आंदोलन भी किए। मीणा ने कहा JJM के घोटाले पर कहा जा रहा था कि मछलियां पकड़ी जा रही है, लेकिन मगरमच्छ नहीं। अब मगरमच्छ पर भी कार्रवाई हो गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री जोशी की गिरफ्तारी मगरमच्छ की गिरफ्तारी के रूप में देख सकते हैं। मीणा ने कहा कि जल जीवन मिशन का घोटाला मैंने उजागर किया था। इसकी मुझे बड़ी संतुष्टि है। भ्रष्टाचार के मामले में केंद्र की सरकार हो या हमारी राज्य सरकार हो, दोनों ही जगह जीरो टॉलरेंस की नीति है। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत जो लाभ जनता को मिलना चाहिए था वह नहीं मिला बल्कि इस योजना में करोड़ों का भ्रष्टाचार किया गया। घटिया क्वालिटी के समान का भी इस्तेमाल किया गया।
गोविंद सिंह डोटासरा पर हमला बोला
किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सुरक्षा मामले में की गई अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर भी हमला बोला। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि अचानक से कोई मुख्यमंत्री की गाड़ी के सामने आ जाए तो क्या उसे गिरफ्तार नहीं किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री की सुरक्षा का मामला है जांच तो होनी चाहिए। इस पूरे मामले में गोविंद सिंह डोटासरा को ऐसी बयान बाजी नहीं करनी चाहिए थी। लेकिन किसी भी प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के काफिले के सामने आना, सुरक्षा में बड़ी चूक है। इससे किसी को नुकसान हो सकता था। लेकिन जिस भाषा का वो इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। हमने भी आंदोलन किए हैंहमारे खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई हुई है। उनका कद बड़ा है कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष है उन्हें अपनी मर्यादित भाषा में जवाब देना चाहिए था।