पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 55 रुपए महंगा

पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 55 रुपए महंगा, पेट्रोल 336 और डीजल 321 रुपए लीटर; मिडिल ईस्ट तनाव का असर

khagrdlbv  (20)

पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है।

सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 55 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 335.86 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 321.17 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

सरकार का कहना है कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। इसी वजह से यह फैसला लेना पड़ा।

पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें

कीमतों में बढ़ोतरी की खबर सामने आते ही पाकिस्तान के कई बड़े शहरों लाहौर और कराची में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी गई। लोग अपने वाहनों में तेल भरवाने के लिए घंटों लाइन में लगे नजर आए।

कई लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है और पेट्रोल-डीजल की कमी हो सकती है।

जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

पेट्रोल की कमी की अफवाहों के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग पेट्रोल की जमाखोरी करेंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा कि देश में फिलहाल पेट्रोल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और घबराने की जरूरत नहीं है।

मिडिल ईस्ट संकट से बढ़ी चिंता

सरकार का कहना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए पेट्रोलियम रिजर्व को सावधानी से इस्तेमाल किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक मिडिल ईस्ट में चल रहा संकट कब खत्म होगा, इसका कोई अनुमान नहीं है और इससे सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है।

भारत में भी LPG सिलेंडर महंगा

इस बीच भारत में भी 7 मार्च से घरेलू LPG सिलेंडर 60 रुपए महंगा हो गया है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का गैस सिलेंडर अब 913 रुपए का मिल रहा है, जो पहले 853 रुपए का था।

वहीं 19 किलोग्राम का कॉमर्शियल सिलेंडर 115 रुपए महंगा होकर 1883 रुपए का हो गया है।

LPG उत्पादन बढ़ाने के आदेश

गैस की संभावित कमी को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश की सभी ऑयल रिफाइनरी कंपनियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने कहा है कि रिफाइनरियां अब प्रोपेन और ब्यूटेन का इस्तेमाल मुख्य रूप से रसोई गैस बनाने में करें ताकि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सप्लाई में किसी तरह की रुकावट न आए।

कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर के पार

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है। WTI क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 12.2% बढ़कर 90.90 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।

रूस से कच्चा तेल खरीद सकेगा भारत

इस बीच भारत को राहत देते हुए अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने भारतीय रिफाइनरियों को रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए 30 दिन का विशेष लाइसेंस दिया है। यह लाइसेंस 3 अप्रैल तक वैध रहेगा।

Golden Hind Desk