मई में होगा ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026

किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस, मई में होगा ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026’: भजनलाल शर्मा

1085

यह महत्वपूर्ण आयोजन मई के द्वितीय पखवाड़े में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और तकनीकी जानकार शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की खुशहाली ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। यदि किसानों को आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ पारंपरिक खेती के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी जाए, तो फसल उत्पादन में वृद्धि के साथ उनकी आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी संभव है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध और समन्वित तरीके से पूरी की जाएं। साथ ही, अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय विशेषज्ञों को इस कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया गया है, ताकि किसानों को नई तकनीकों और अनुभवों का सीधा लाभ मिल सके।

‘ग्राम-2026’ के माध्यम से राज्य में कृषि क्षेत्र में नवाचार, निवेश और तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा मिलेगा। यह आयोजन किसानों को आधुनिक खेती, कृषि उपकरणों, डिजिटल तकनीक और नई कृषि पद्धतियों से जोड़ने का एक बड़ा मंच साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाकर किसानों को इस आयोजन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके अलावा प्रगतिशील किसानों, पशुपालकों, डेयरी और मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला और राज्य स्तर पर पुरस्कार देने की योजना भी बनाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि कृषि पर्यवेक्षक, कृषि मित्र, ग्राम सेवा सहकारी समितियों और डेयरी समितियों से जुड़े कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे किसानों तक सही जानकारी पहुंचा सकें। इसके साथ ही, आयोजन से संबंधित सभी विभागों की जानकारी को एकत्र कर एक विस्तृत मार्गदर्शिका भी तैयार की जाएगी।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने ‘ग्राम-2026’ की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया और इसके प्रचार-प्रसार की रणनीति पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह आयोजन न केवल राजस्थान के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देगा, बल्कि राज्य को कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Golden Hind Desk