सीएम ने शिक्षा और विकास की दी बड़ी सौगात

गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बड़ी सौगात, 40 लाख विद्यार्थियों को ₹250 करोड़ की डीबीटी, भरतपुर-डीग को ₹1,186 करोड़ के विकास कार्य

0203218

गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बड़ी सौगात, 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों को ₹250 करोड़ की डीबीटी राशि हस्तांतरित

भरतपुर और डीग जिलों को मिली ₹1,186 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, बालिका सैनिक स्कूल का किया भूमि पूजन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के शिक्षा जगत और भरतपुर संभाग को बड़ी सौगात दी। भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म हेतु ₹250 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भरतपुर एवं डीग जिलों के लिए ₹1,186 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ विद्यार्थियों में पढ़ने की क्षमता और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

घोषणाओं को धरातल पर उतारना हमारी कार्य संस्कृति: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना ही कार्य संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार लगातार बड़े निर्णय लेकर उन्हें लागू कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है।

40 लाख विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए डीबीटी

मुख्यमंत्री ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म के लिए ₹250 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी।

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर शिक्षा से जुड़े खर्च का भार कम करना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश के विद्यालयों में विद्यार्थियों की पठन क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

उन्होंने निपुण कैलेंडर का विमोचन, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान भी किया।

बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन

मुख्यमंत्री ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में प्रस्तावित बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन किया।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बालिका सैनिक स्कूल से प्रदेश की बेटियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा।

युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। इसके अलावा 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है और पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।

एक करोड़ पात्र लोगों को खाद्य सुरक्षा से जोड़ा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक करोड़ पात्र व्यक्तियों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर ₹1,450 प्रतिमाह की गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री मा वाउचर योजना के तहत निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

किसानों के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के किसानों को केंद्र सरकार के ₹6 हजार के साथ राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त ₹3 हजार सहायता दी जा रही है।

जल और आधारभूत विकास पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना सहित विभिन्न जल परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे विकसित किए जा रहे हैं।

भुसावर को ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल करने की घोषणा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थानीय मांग को देखते हुए भुसावर को ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र के समन्वित विकास के लिए पहले से ही डीग जिले और भरतपुर जिले की बयाना, रूपवास, सेवर, नदबई एवं वैर तहसील के गांवों को इस योजना में शामिल किया गया है।

विद्यार्थियों से किया संवाद

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों ने अपने नवाचार, खेल उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल और नवाचारों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के मजबूत भविष्य की नींव है।

शिक्षा मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी क्षेत्रों और वर्गों के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बालिका सैनिक विद्यालय का निर्माण प्रदेश में महिला सशक्तीकरण और बालिका शिक्षा को नई दिशा देगा। उन्होंने सरकारी विद्यालयों के बेहतर परिणामों के लिए शिक्षकों की भूमिका की सराहना की।

विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने भरतपुर एवं डीग जिलों में सड़क, बिजली, ड्रेनेज, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़े कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इनमें बालिका सैनिक स्कूल, सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य, भरतपुर शहर में सड़क एवं ड्रेनेज विकास, भूमिगत विद्युत लाइन, नहरों का जीर्णोद्धार, महिला आईटीआई कॉलेज, बस स्टैंड निर्माण, डीग बाईपास, राजकीय महाविद्यालय भवन, स्वास्थ्य केंद्र, फॉरेंसिक साइंस लैब सहित अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

GOLDEN HIND DESK