प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2 अगस्त, 2026 को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत की यह राष्ट्रव्यापी पहल युवाओं को नशा एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध संगठित करने तथा स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। यह कार्यक्रम नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, खेल, संस्कृति तथा सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध जन-आंदोलन को सशक्त बनाना है। यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री के नशा मुक्त भारत के संकल्प तथा विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप है।
देशभर के लगभग 10,000 स्थानों को जोड़ा जाएगा
इस वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के लगभग 10,000 स्थानों को जोड़ा जाएगा, जहाँ एक करोड़ से अधिक युवा सहभागी होंगे। इनमें माय भारत स्वयंसेवक, माय भारत-एनएसएस स्वयंसेवक, युवा मंडल, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठनों के युवा प्रकोष्ठ तथा 125 से अधिक सहयोगी संगठनों के सदस्य शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान देशभर के युवा सामूहिक रूप से नशा मुक्ति शपथ ग्रहण करेंगे तथा स्वयं नशामुक्त रहने एवं दूसरों को भी इस जन-आंदोलन से जोड़ने का संकल्प दोहराएंगे। इस अवसर पर नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रव्यापी जन-सहभागिता कार्यक्रम का भी शुभारंभ होगा। इसके तहत सांस्कृतिक, खेल, फिटनेस, जन-जागरूकता, माइंडफुलनेस तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जाएँगी, ताकि युवाओं की सक्रिय भागीदारी निरंतर बनी रहे।
नशा मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुँचाना
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सहभागी स्थलों पर वॉकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान तथा नुक्कड़ नाटक जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनका उद्देश्य नशा मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुँचाना तथा युवाओं में स्वस्थ एवं नशा-मुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। इसके अतिरिक्त, माय भारत पोर्टल पर ई-प्रतिज्ञा अभियान भी संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से नागरिक, विशेष रूप से युवा, नशा-मुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत माय भारत द्वारा देशभर में जिला स्तर पर लोकगीत, मूक अभिनय , लघु फिल्म/रील, चित्रकला, वाद-विवाद तथा नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है, ताकि युवा अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से नशा-मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुँचा सकें। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे, जहाँ से वे अपने-अपने राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त करेंगे। जयपुर जिले में उक्त कार्यक्रम का आयोजन एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. कॉलेज, जयपुर में किया जाना प्रस्तावित है।
अभियान 14 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ संपन्न होगा
इस अभियान में प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त अनेक गैर-प्रतियोगी जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम भी शामिल हैं, जिनका उद्देश्य नशे की रोकथाम को बढ़ावा देना तथा युवाओं के नेतृत्व में जन-आंदोलन को मजबूत करना है। इनमें नशा मुक्ति शपथ, विशेषज्ञों द्वारा जागरूकता एवं परामर्श सत्र, ग्राम सभा आधारित नशा मुक्त संकल्प सभाएँ, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान, अभिभावकों के लिए संवेदनशीलता कार्यक्रम तथा नशा-मुक्त वातावरण के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों एवं ग्रामों का सम्मान शामिल है। ये सभी गतिविधियाँ समाज की निरंतर सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वस्थ एवं नशा-मुक्त जीवनशैली के संदेश को सुदृढ़ करेंगी। यह अभियान 14 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ संपन्न होगा, जिसमें देशभर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थाओं को नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा नशा मुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।