महेंद्र सिंह धोनी को मिला बड़ा सम्मान, ICC हॉल ऑफ फेम में किए गए शामिल

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को ICC ने हॉल ऑफ फेम में शामिल किया

Mahendra Singh Dhoni got a big honor

महेंद्र सिंह धोनी  भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है। सोमवार को ICC ने इसकी घोषणा की और बताया कि धोनी के साथ ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला समेत कुल 7 खिलाड़ियों को भी इस सूची में जगह दी गई है। धोनी यह सम्मान पाने वाले 11वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। ICC ने धोनी के करियर को लेकर कहा, “17,266 इंटरनेशनल रन, 829 शिकार और 538 मैच… ये आंकड़े सिर्फ उनकी प्रतिभा ही नहीं, बल्कि उनकी निरंतरता, फिटनेस और लंबे करियर का प्रमाण हैं।” वहीं, धोनी ने इस सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ICC हॉल ऑफ फेम में नाम आना एक बहुत बड़ा सम्मान है। दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम देखना मेरे लिए गर्व की बात है। ये पल मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।” 5 पुरूष और 2 महिला क्रिकेटर लिस्ट में शामिल ICC की ओर से हॉल ऑफ फेम 2025 की लिस्ट में कुल 7 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें 5 पुरूष और 2 महिला खिलाड़ी हैं। पुरुष खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, भारत के महेंद्र सिंह धोनी, ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी शामिल हैं। 

ICC बोला- मुश्किल परिस्थिति में कप्तान बने, टीम को जिताया

ICC ने बताया कि 2007 में जब भारत ODI वर्ल्ड कप में जल्दी बाहर हो गया था, तब मुश्किल परिस्थिति में T20 वर्ल्ड कप के लिए धोनी को कप्तान बनाया गया। उस युवा टीम में रोहित शर्मा, आरपी सिंह, दिनेश कार्तिक और रॉबिन उथप्पा जैसे नए चेहरे थे। धोनी ने इन खिलाड़ियों के साथ ऐसा आत्मविश्वास दिखाया कि भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता। ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा कि हॉल ऑफ फेम के जरिए हम उन खिलाड़ियों को सम्मान देते हैं जिन्होंने शानदार खेल दिखाकर क्रिकेट को खास बनाया और नई पीढ़ियों को प्रेरित किया। जय शाह ने कहा, "इस साल हमें 7 बेहतरीन खिलाड़ियों को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल करने का मौका मिला है। मैं ICC की तरफ से सभी को दिल से बधाई देता हूं। उम्मीद है यह सम्मान उनके लिए एक यादगार पल होगा। 

IPL 2025 में टीम के आखिरी मैच में CSK को जीत दिलाई

कप्तान एम एस धोनी ने कहा है कि वे अपने संन्यास पर फैसला लेने से पहले समय लेंगे। 43 साल के धोनी ने अहमदाबाद में IPL 2025 में टीम के आखिरी मैच में CSK को जीत दिलाई। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में धोनी ने कहा कि वे रिटायरमेंट के फैसले के लिए कुछ समय लेंगे और आने वाले कुछ महीनों में तय करेंगे कि वे अगला सीजन खेलेंगे या नहीं। वे बोले- 'मेरे पास फैसला करने के लिए 4-5 महीने हैं। कोई जल्दी नहीं है कि क्या करना है। हर साल शरीर को फिट रखने में 50% ज्यादा मेहनत लगती है।'