उत्तर प्रदेश की बस के साथ नेपाल में हादसा, नदी में गिरी बस 18 मौतें

नेपाल में बस हादसा, 18 मौतें, बस में सवार थे 40 भारतीय यात्री

नेपाल में भारतीय यात्रियों को पोखरा से काठमांडू लेकर जा रही एक बस नदी में गिर गई। हादसे में 18 लोगों के मारे जाने की खबर है। 

नेपाल : नेपाल के तनहुं जिले के अबुखैरेनी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है जहां 40 भारतीय यात्रियों को पोखरा से काठमांडू लेकर जा रही बस मार्सयांगडी नदी में गिर गई। हादसे में अभी तक 18 लोगों के मारे जाने की खबर है। बचाव अभियान में अभी तक 17 लोगों को बचा लिया गया है वहीं आठ अन्य अभी भी लापता हैं। 
जानकारी के मुताबिक बस में 40 भारतीय सवारियों के अलावा चालक, परिचालक और कन्डक्टर समेत 43 लोग सवार थे। सभी यात्री महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं। बस गोरखपुर से यात्रियों को लेकर नेपाल गई थी। बस ने  8 दिन के पर्मिट के साथ रूपन्देही के बेलहिया चेक-पॉइंट (गोरखपुर) से नेपाल सीमा में प्रवेश किया था। बताया जा रहा है कि भारतीय यात्रियों का ये दल घूमने क लिए नेपाल गया था। पोखरा हिमालय की तलहटी में बसा हुआ नेपाल का एक मशहूर पर्यटन स्थल है। यहाँ कई भारतीय घूमने फिरने के लिए जाते रहते हैं। सभी लोग गोरखपुर से नेपाल के लिए तीन बसों में निकले थे। वहीं जाते समय बस नेपाल के मुगलिंग से लगभग 5 किमी पहले हादसे का शिकार होकर नदी में गिर गई। स्थानीय प्रशासन यात्रा में शामिल लोगों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही सशस्त्र पुलिस बल नेपाल आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण विद्यालय के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक माधव पौडेल के नेतृत्व में 45 कर्मियों का एक दल राहत एवं बचाव कार्य के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुँच गया। 

मेडिकल टीम लेकर हेलीकॉप्टर रवाना 

नेपाली सेना के एक एमआइ-17 हेलीकॉप्टर को काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के हेलीपैड से मेडिकल टीम लेकर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। हादसे की शिकार बस का नंबर यूपी 53 एफटी 7623 बताया जा रहा है। 

आपातकालीन नंबर जारी 

बस दुर्घटना को लेकर भारतीय दूतावास स्थानीय नेपाली प्रशासन के साथ काम कर रहा है। स्थिति को देखते हुए दूतावास ने आपातकालीन नंबर 977-9851107021 जारी किया है। इसी दौरान उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त ने कहा है कि नेपाल की घटना के संबंध में हम यह पता लगाने के लिए संपर्क स्थापित कर रहे हैं कि क्या बस में उत्तर प्रदेश का कोई व्यक्ति था। घटना के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। 

लापता लोगों की जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास साथ में काम कर रहे हैं। हादसे के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हैं।