छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़, नौ नक्सली ढेर सभी जवान सुरक्षित

सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में नौ नक्सली ढेर, सभी जवान सुरक्षित

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को बड़ी जीत  मिली है जहां दंतेवाड़ा बीजापुर बार्डर पर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में नौ नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। पूरे अभियान में सभी जवान सुरक्षित हैं और बहादुरी से मोर्चे पर डटे हुए हैं। 

दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों के खिलाफ लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहे हैं। इसी दौरान आज दंतेवाड़ा बीजापुर बार्डर  पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सुबह से चल रही गोलीबारी अभी तक जारी है। जवानों ने नक्सलियों के खिलाफ बहादुरी से मोर्चा संभाल रखा है और अभी तक नौ नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। पुलिस ने घटनास्थल से भारी संख्या में हथियार बरामद किये हैं। 
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सुबह पश्चिम बस्तर डिविजन में नक्सलियों के होने की खबर मिली। जानकारी मिलते ही डीआरजी, सीआरपीएफ की पुलिस संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खिलाफ खोज अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान सुबह 10:30 बजे पुलिस टीम का सामना पीएलजीए की कंपनी दो से हुआ। नक्सलियों की फायरिंग का जवाब देते हुए पुलिस टीम ने नौ नक्सलियों को ढेर कर दिया है। घटनास्थल से पुलिस ने नक्सली शवों के साथ साथ भारी संख्या में हथियार बरामद किये हैं। पुलिस को नक्सलियों से एसएलआर, 303 और 12 बोर के साथ गोला बारूद मिले हैं। मुठभेड़ में सभी जवान सुरक्षित हैं। 

नौ वर्दीधारी नक्सली ढेर : एसपी गौरव राय 

दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने बताया कि,"2 सितंबर को बीजापुर और दंतेवाड़ा की सीमा पर किरंदुल थाना क्षेत्र में पश्चिम बस्तर डिवीजन, दरभा डिवीजन और पीएलजीए कंपनी नंबर दो की उपस्थिति की सूचना मिली। इस पर दंतेवाड़ा से डीआरजी और सीआरपीएफ की टीमों ने मिलकर एक संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद 9 वर्दीधारी नक्सलियों के शव मिले हैं। सर्च ऑपरेशन के दौरान ऑटोमेटिक वेपन, एसएलआर, 303, 315 के साथ ही गोला-बारूद और नक्सल सामग्री बरामद की गई है। सभी जवान सुरक्षित हैं और फिलहाल सर्च अभियान जारी है।"

नक्सल मुक्त भारत की ओर बढ़ते कदम 

पिछले कुछ समय से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में तेजी आई है। पिछले महीने 24 तारीख को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी 2026 तक देश से नक्सलवाद के सफाये का आश्वासन दिया था। इसी के बाद से नक्सलियों के खिलाफ अभियान को एक नई गति मिली थी। इस साल अभी तक छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ की अलग अलग घटनानों में सुरक्षाबलों ने 154 नक्सलियों को मार गिराया है। इससे पहले 29 अगस्त को भी सुरक्षाबलों को नक्सलवाद के खिलाफ जंग में बड़ी कामयाबी मिली थी। 

नक्सलवाद के खात्मे तक जारी जंग : विष्णुदेव साई


नक्सलवाद के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने सुरक्षाबलों को बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री साई ने लिखा कि, "दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक 9 नक्सलियों के मारे जाने की खबर आ रही है। इसके साथ ही बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों द्वारा 13 सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किए जाने की भी खबर प्राप्त हुई है। निश्चित ही यह सुरक्षाबल के जवानों के लिए बड़ी सफलता है। मैं इस अभियान में शामिल सभी सुरक्षा अधिकारियों, जवानों की बहादुरी को सलाम करता हूं और बधाई देता हूं। नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी।"