PM मोदी शनिवार को जापान दौरे के दूसरे दिन एडवांस बुलेट ट्रेन E10 देखने मियागी प्रांत के सेंडाई पहुंचे।यह ट्रेन जापान की अत्याधुनिक तकनीक से बनी है और दुनिया की सबसे तेज़ व सुरक्षित ट्रेनों में गिनी जाती है। यहां उनके साथ जापान के PM शिगेरू इशिबा भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने ट्रेन में सफर भी किया। इस दौरान उन्होंने भारत के ट्रेन ड्राइवरों से मुलाकात भी की। इन्हें जापान का ईस्टर्न रेलवे ट्रेनिंग दे रहा है। ये भारत में चलने वाली बुलेट ट्रेनों को चलाएंगे। सेंडाई पहुंचने पर स्थानीय लोगों और भारतीय समुदाय ने उनका स्वागत किया। लोग हाथों में झंडे लेकर ‘जापान में आपका स्वागत है, मोदी सैन!’ के नारे लगा रहे थे।
इससे पहले मोदी ने शुक्रवार को 15वें भारत-जापान समिट में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों देशों में 150 समझौते हुए। जापानी PM ने भारत में अगले 10 साल में 6 लाख करोड़ रुपए निवेश की बात कही। जापान के बाद मोदी दो दिन के दौरे पर चीन जाएंगे। वे रविवार को SCO समिट में शामिल होंगे। इसके अलावा मोदी चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगे।
'जापान की टेक्नोलॉजी और भारत का टैलेंट.
पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत और जापान ने अपनी रणनीतिक साझेदारी में नया अध्याय शुरू किया है. दोनों देशों ने तकनीक और रक्षा समेत कई क्षेत्रों में अगले 10 साल का सहयोगी रोडमैप तैयार किया है. मोदी ने कहा कि जापान की तकनीक और भारत की प्रतिभा मिलकर बड़ी सफलता दिला सकती है और बदलते हालात में दोनों देशों को एक-दूसरे की ताकत का सही इस्तेमाल करना होगा.
पहलगाम हमले पर बोले जापानी प्रधानमंत्री इशिबा
भारत और जापान ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है. दोनों देशों ने कहा कि हमले के जिम्मेदार आतंकियों, उनके आयोजकों और फाइनेंसर्स को तुरंत न्याय के कटघरे में लाया जाए. यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के बीच शिखर वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में दिया गया.
जापान दौरे पर पीएम मोदी का बुलेट ट्रेन अनुभव
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने न सिर्फ बुलेट ट्रेन के संचालन और तकनीकी पहलुओं को समझा, बल्कि ट्रेनिंग ले रहे भारतीय ट्रेनी ड्राइवरों से भी मुलाकात की। उन्होंने भारतीय युवाओं को जापान में मिल रहे इस विशेष प्रशिक्षण की सराहना की और कहा कि आने वाले समय में यह अनुभव भारत की बुलेट ट्रेन परियोजना को मजबूत करेगा। मोदी और इशिबा की यह मुलाकात भारत-जापान की रणनीतिक साझेदारी और खासकर हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट के महत्व को और मजबूत करने वाली मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह यात्रा भारत में चल रहे मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए भी अहम है, क्योंकि इससे तकनीकी सहयोग और तेज़ी आने की संभावना है।