दिल्ली के बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य के सपने को पूरा करने वाले अरविन्द केजरीवाल स्वतंत्रता दिवस पर भी जेल में हैं : संजय सिंह

जारी रहेगा अभियान, जेल में बंद अरविन्द केजरीवाल को किया याद

दिल्ली से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को याद किया है। 
 

दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पोस्ट में उन्होंने तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को भी याद किया। 
अपनी इस पोस्ट में संजय सिंह ने कहा कि देश को खुशहाल बनाने का उनका ये अभियान जारी रहेगा। कोई उनके इस संकल्प को नहीं तोड़ सकता। सीएम केजरीवाल को याद करते हुए उन्होंने लिखा कि, "भारत में शिक्षा व्यवस्था का स्तर बेहतर हो, माताओं बहनों की बस यात्रा मुफ़्त हो। ये सपना दिल्ली में सच करने वाले मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल स्वतंत्रता दिवस के दिन भी जेल में हैं।" संजय सिंह का ये बयान उस समय आया है जब पूरा देश 78वें स्वतंत्रता दिवस के हर्षोल्लास में डूबा हुआ है। बात दें कि छह महीने तक दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काटने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल में संजय सिंह को दिल्ली आबकारी घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में जमानत दी थी। 

लोग समझेंगे की चौकीदार ही चोर है 

दो दिन पहले भी संजय सिंह ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वो पूँजीपतियों को बचाने और उनकी संपत्ति को बढ़ाने का काम कर रही है। इसके अलावा उन्होंने सेबी चेयरमैन के सहारे ईडी, सीबीआई और आईटी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा था कि,"जब सेबी के चेयरमैन पीएम के पूंजीपति मित्रों की बेनामी कंपनियों में निवेश कर रहे थे तब ईडी, सीबीआई और आईटी कहाँ सो रही थी।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दावा करते हैं कि उन्होंने लाखों फर्जी कंपनियां बंद करा दीं मगर अब तो सेबी प्रमुख की कंपनी का ही पता फर्जी निकल गया। एक ही पते पर उनकी कई कंपनी और कंपनी का ऑडिट करने वाली फर्म दोनों दर्ज हैं। जांच करने पर वहां कंपनी का कोई प्रमाण नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भारत में कई सारी बेनामी कंपनियां अडानी की कंपनी में फर्जी तरीके से हजारों करोड़ों का निवेश करती हैं। इसी घोटाले की जांच सेबी प्रमुख को करनी थी लेकिन उनका तो खुद इस बेनामी फंड में निवेश है। उन्होंने कहा कि ,"मोदी जी जेपीसी से जांच करवाओ वरना लोग समझेंगे चौकीदार चोर है।"