शिमला में गिरी 5 मंजिला इमारत, 3 और घरों पर मंडराया खतरा, बारिश ने मचाई तबाही

हिमाचल के सोनल में गाड़ियों के सामने पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा लैंडस्लाइड के बाद रोड पर आ गया।

heavy rain during monsoon

शिमला  हिमाचल की राजधानी शिमला में 2 दिन से भारी बारिश हो रही है. भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही है. सोमवार की सुबह शिमला के भट्टाकुफर माठू कॉलोनी में एक 5 मंजिला भवन भर भराकर गिर गई. गनीमत है कि इसमें किसी की जान नहीं गई, कारण कि इस भवन को पहले ही बीती रात को ही खाली करवा दिया गया था. कहा जा रहा है कि फोरलेन निर्माण के चलते भवन के नीचे बड़ी-बड़ी दरारें आ गई थीं. सोमवार सुबह ये बिल्डिंग भर भराकर गिर गई. इसके साथ सटे दूसरी बिल्डिंग्‍स पर भी गिरने का खतरा मंडरा रहा है. लैंडस्‍लाइड और भवन गिरने की घटना के बाद लोग डर-डर के जीने को मजबूर हैं. कुछ लोग अपने घरों को खाली कर रहे हैं.

भारी बारिश का अलर्ट 

 

हिमाचल प्रदेश में आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. शिमला में भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है. ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, सोलन, हमीरपुर, शिमला और कुल्लू जिले में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान के 7 जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी गई है.  

शिमला के रामपुर में फटा बादल

 शिमला के रामपुर में सुबह करीब 3 बजे बादल फटने से भारी नुकसान हुआ. रामपुर के सरपारा ग्राम पंचायत के गांव सिक्कासरी नाला में बादल फटा. सिक्कासेरी निवासी राजेंद्र कुमार के मकान का एक हिस्‍सा भरभरा कर ढह गया और बादल फटने से आई बाढ़ में बह गया.इसमें मकान का एक कमरा और किचन वाला हिस्‍सा तबाह हो गया है. उनके गौशाला में एक गाय और 2 बछिया भी इस बाढ़ में बह गई. राजेंद्र के दो भाइयों गोपाल और विनोद की गौशाला, अनाज के गोदाम और खेतों में भारी नुकसान हुआ. बता दें कि पिछले वर्ष इसी इलाके के समेज में बादल फटने की घटना हुई थी, जिसमे 36 लोगों की जानें चली गई थीं.