विकसित भारत–जन सेवा अभियान को लेकर CM भजनलाल शर्मा की हाईलेवल बैठक, 28 सितंबर तक जारी रहेगा सेवा सेतु अभियान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर पात्र वर्ग तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनसेवा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सुशासन और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
28 सितंबर तक जारी रहेगा ‘सेवा सेतु अभियान’
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चल रहे ‘सेवा सेतु अभियान’ को तीन दिन और बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अब प्रदेशभर में यह अभियान 28 सितंबर तक जारी रहेगा।
इन शिविरों में आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने, पात्र लोगों का पंजीयन करने, योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने, विभिन्न नागरिक सेवाएं देने तथा लंबित प्रकरणों और जनसमस्याओं का निस्तारण करने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। साथ ही, आमजन की भागीदारी को भी अधिक से अधिक बढ़ाया जाए।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क, चिकित्सा, बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौसमी बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में 383 रक्तदान शिविर आयोजित
बैठक में बताया गया कि विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 383 रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में 15 हजार से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया है।
अभियान के तहत प्रदेश में 37 हजार से अधिक ऑनलाइन संकल्प पत्र भी भरे गए हैं। बैठक में बताया गया कि ऑनलाइन संकल्प पत्र भरने के मामले में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है।
30 लाख परिवारों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में लिया हिस्सा
अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 30 लाख परिवारों ने दीप प्रज्वलित कर भागीदारी की।
वहीं ‘मेरे सपनों का भारत–चित्रसेवा’ कार्यक्रम के तहत अब तक 17,730 कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें 13.40 लाख से अधिक विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
सेवा सेतु के 660 शिविरों में 2.25 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी
बैठक में बताया गया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत अब तक 660 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें 2.25 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया।
इसी प्रकार ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में 20,406 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 18.55 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी रही।
प्रदेशभर में 12 प्रमुख गतिविधियां
‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ के तहत प्रदेश में 12 प्रमुख कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें—
-
आशीर्वाद का दीया
-
रक्तदान शिविर
-
मेरे सपनों का भारत–चित्रसेवा
-
नमो सेवा–अनकही कहानियां
-
आंगन मिलन सेवा
-
सेवा की कहानी
-
सेवा ज्योति कलश यात्रा
-
सेवा मेरा योगदान
-
सेवा सेतु अभियान
-
सेवा के रंग–राष्ट्र के संग
-
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज
-
सुशासन सेवा संवाद
शामिल हैं।
दिवाली से पहले सड़कों की मरम्मत और सफाई के निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली से पहले सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
स्थानीय निकाय विभाग को शहरों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने और आमजन से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को प्रदेश में निर्बाध और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
GOLDEN HIND DESK