ठग सुकेश चंद्रशेखर ने करी 15 करोड़ दान की पेशकश, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

ठग सुकेश ने करी 15 करोड़ दान की पेशकश

ठग सुकेश चंद्रशेखर ने वायनाड की भूस्खलन आपदा पीड़ितों की मदद के लिए 15 करोड़ रुपये दान देने की पेशकश करी है। उसने राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उसका प्रस्ताव स्वीकार करने का भी अनुरोध किया है। 

केरल : भारतीय ठग सुकेश चंद्रशेखर ने केरल के वायनाड़ जिले में भूस्खलन पीड़ितों के लिए 15 करोड़ रुपये देने की पेशकश करी है। उसने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर उनसे मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए गए 15 करोड़ रुपये स्वीकार करने का भी अनुरोध किया है। चंद्रशेखर अभी 500 करोड़ घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले के आरोप में मंडोली जेल में बंद है। 

सुकेश चंद्रशेखर ने कहा है कि केरल अभी जिस स्थिति से गुजर रहा है उसे देखकर वो बहुत दुखी है और मुश्किल की इस घड़ी में लोगों की मदद करना चाहता है। चंद्रशेखर के वकील अनंत मालिक ने पत्र लिखे जाने की पुष्टि करी है। उसने 15 करोड़ रुपये दान के अलावा प्रभावित लोगों के लिए 300 घर बनवाने की भी पेशकश करी है। उसने राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि वे इस प्रस्ताव को स्वीकार कर के राशि का उपयोग भूस्खलन त्रासदी से प्रभावित लोगों के कल्याण और पुनर्वास के लिए करें। पत्र में चंद्रशेखर ने लिखा है कि मैं अपने फाउंडेशन की ओर से मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए 15 करोड़ रुपये का योगदान स्वीकार किए जाने का अनुरोध करता हूं। आज किए जा रहे उपर्युक्त योगदान के अलावा मैं प्रभावितों की मदद के मकसद से 300 मकानों के तत्काल निर्माण में योगदान के लिए भी अपना सहयोग देने का वचन देता हूं। उसने दावा किया है कि वो यह दान अपने व्यावसायिक वैध खातों से करेगा और इसी बात को लेकर उसने राज्य सरकार से उसकी सहायता राशि स्वीकार करने का अनुरोध किया है। अभी तक केरल सरकार चंद्रशेखर के पत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। 

सुकेश भारत के सबसे बड़े ठगों में से एक है। बताया दें कि सुकेश चंद्रशेखर और उसकी पत्नी मनी लॉन्ड्रिंग और लोगों को धोखा देने के आरोप में जेल में बंद हैं। उसने साल 2017 में दिल्ली की तिहाड़ जेल में कैद होते हुए भी 500 करोड़ रुपये का बड़ा घोटाला किया था। हाल ही में (ED) ने उसकी चेन्नई स्थित प्रॉपर्टी से लगभग 82.5 लाख रुपये नकद और कई महंगी गाड़ियां जब्त की हैं। सिर्फ यही नहीं सुकेश के खिलाफ 15 से अधिक एफआईआर भी दर्ज हैं और उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल भी मनी लॉन्ड्रिंग आरोप में गिरफ्तार हो चुकी हैं। सुकेश अपनी आपराधिक गतिविधियों के अलावा अपने बॉलीवुड संबंधों की वजह से भी काफी फेमस है। सुकेश का नाम बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के साथ भी जोड़ा गया है। इसके अलावा सुकेश बॉलीवुड हस्तियों के साथ अपनी दोस्ती और उन्हें महेंगे तोहफे देने की अपनी आदत की वजह से भी चर्चाओं में बना रहता है।  

अब वायनाड़ मे आई इस आपदा के कारण एक बार फिर सुकेश सुर्खियों में छाया हुआ है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 30 जुलाई को मुंडक्कई और चूरलमाला में हुए विनाशकारी भूस्खलन  में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 138 लोग अभी भी लापता हैं। अब इस आपदा से राज्य को उबारने के लिए उसने 15 करोड़ रुपये के योगदान की पेशकश करी है। लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि क्या इस क्रिमिनल ठग का दान स्वीकार किया जाना चाहिए?