जयपुर : राजस्थान विधान सभा में शुक्रवार को आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सेवा में गोपनीयता, निष्ठा और समयपालन प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की मूल पहचान होती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय सेवाकाल में देते हैं, इसलिए कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही संस्था के प्रति सच्ची निष्ठा है।
अध्यक्ष देवनानी विधानसभा के वरिष्ठ उपसचिव पुरुषोत्तम शर्मा, सहायक संपादक विजय कुमार जैन, निजी सचिव शांति सागर जैन और सहायक कर्मचारी राजेंद्र सिंह सिसोदिया के सेवानिवृत्ति कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे राजस्थान विधान सभा की गरिमा बनाए रखने वाले कार्यों को प्राथमिकता दें और संस्थान के हित को सर्वोपरि रखें।
देवनानी ने कहा कि “राजस्थान विधान सभा देश की सर्वश्रेष्ठ विधान सभाओं में से एक है, और इसे सर्वश्रेष्ठ बनाने में यहां के प्रत्येक कर्मचारी की अहम भूमिका है।” उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र के इस पवित्र मंदिर में काम करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है, और यहां के कार्मिक विधायकगण के साथ सीधे तौर पर जुड़े रहते हैं।
समारोह में देवनानी ने सेवानिवृत्त कार्मिकों को साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सभी समारोहों में उनकी उपस्थिति पर कर्मचारियों ने आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर राजस्थान विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, वित्तीय सलाहकार अपूर्व जोशी, कर्मचारी सहकारी साख समिति के अध्यक्ष रवि जैन सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।