नवाचार और जनसहभागिता के साथ आयोजन को बनाये भव्य और यादगार - मुख्य सचिव सुधांश पंत

जोधपुर में आयोजित होगा राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, मुख्य सचिव सुधांश पंत ने की तैयारियों की समीक्षा

sudhansh pant independence day

जयपुर : मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि जोधपुरवासियों और प्रशासन के लिए यह गौरव का विषय है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह जोधपुर में आयोजित होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह को अधिकतम जनभागीदारी और नवाचार के साथ भव्य व यादगार बनाया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग जोधपुर जिला प्रशासन के साथ समन्वय से कार्य कर तैयारियों को पूर्ण करें।

मंगलवार को शासन सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत ने जोधपुर में प्रस्तावित स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन को ऐतिहासिक, भव्य और आकर्षक बनाने के लिए गृह, सार्वजनिक निर्माण, शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क सहित अन्य विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी। समारोह में पुलिस बैंड की प्रस्तुति, मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आतिशबाजी, राजकीय भवनों व सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी और मुख्य सड़कों की मरम्मत जैसे निर्देश दिए गए। साथ ही, जयपुर में होने वाले 'एट होम' कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने जोधपुर संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक और जिला कलेक्टर से आयोजन स्थल, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, परेड व्यवस्था, परेड टुकड़ियों की संख्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों, लोक कलाकारों और आमजन की अधिकतम भागीदारी पर जोर दिया।

जोधपुर संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर ने बताया कि आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। लंबे समय बाद जोधपुर में होने वाले इस समारोह को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह भास्कर ए. सावंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता, पुलिस महानिदेशक रवि प्रकाश मेहरडा, पुलिस महानिदेशक (आर्म्ड बटालियन) आनंद कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख शासन सचिव पर्यटन राजेश यादव, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) विशाल बंसल, शासन सचिव सामान्य प्रशासन विभाग जोगाराम, अतिरिक्त निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क अरविंद सारस्वत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जोधपुर संभागीय आयुक्त प्रतिभा सिंह, पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार और जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।

Independence Day