तकनीक और नवाचार में ग्लोबल लीडर बनेगा राजस्थान

निवेशकों के लिए अनुकूल नीतियों से राजस्थान बनेगा आईटी हब : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

WhatsApp Image 2026-01-04 at 5

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को केंद्र में रखते हुए नीतियों का निर्माण कर रही है। इसी क्रम में राजस्थान ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पॉलिसी, राजस्थान डेटा सेंटर पॉलिसी और राजस्थान एआई-एमएल पॉलिसी जैसी प्रमुख नीतियां लागू की गई हैं। ये नीतियां राजस्थान को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के क्षेत्र में एक बड़े हब के रूप में स्थापित करेंगी।

मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026 में आमंत्रित कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर ग्राउंड ब्रेकिंग होना निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की अनमोल मिट्टी में निवेश करने से आत्मसंतुष्टि का अनुभव भी होता है।

तकनीक और नवाचार में ग्लोबल लीडर बनेगा राजस्थान

मुख्यमंत्री ने निवेशकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में राजस्थान में निवेश करें। राज्य सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से राजस्थान को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में ग्लोबल लीडर बनाया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निवेशकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और उनके सुझावों व आवश्यकताओं पर त्वरित कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राजीविका से जुड़ी महिलाओं को स्टार्टअप्स से जोड़ने के भी निर्देश दिए।

प्रदेश में 7 हजार से अधिक आईटी स्टार्टअप

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेश में अनुकूल औद्योगिक वातावरण का निर्माण किया जा रहा है। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, डेटा सेंटर और एआई-एमएल नीतियों के साथ प्रदेश में 7 हजार से अधिक आईटी स्टार्टअप्स सक्रिय हैं, जो सूचना प्रौद्योगिकी और आईटी सक्षम सेवाओं का मजबूत नेटवर्क तैयार कर रहे हैं।

तेजी से विकास के पथ पर राजस्थान

कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। प्रतिनिधियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेडिकल साइंस, ग्रीन इन्वेस्टमेंट, स्टार्टअप्स, मैन्युफैक्चरिंग, डेटा, स्किल डेवलपमेंट और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

उल्लेखनीय है कि जयपुर के जेईसीसी में 4 जनवरी से तीन दिवसीय राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट में 10 हजार से अधिक प्रतिभागी, 500 से अधिक निवेशक और 300 प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। यह आयोजन स्टार्टअप्स और विद्यार्थियों को वैश्विक डिजिटल बदलावों से परिचित कराने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मेंटर्स से मार्गदर्शन और वैश्विक निवेशकों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

बैठक में मुरली बुक्कापट्टनम, चेयरमैन ग्लोबल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज टाई ग्लोबल, ए.जे. पटेल, फाउंडर टाई ग्लोबल, अजय डाटा, फाउंडर टाई राजस्थान, चंदन मिस्किन, फाउंडर अल्फेलियो, दामोदरन अरुण, सीईओ एटेक ग्रुप, जगजीत सरीन, मैनेजिंग पार्टनर डलबर्ग, समीर जैन, मैनेजिंग डायरेक्टर प्राइमस पार्टनर्स, सुनील गर्ग, फाउंडर इनफाइनाइटस ई-मार्केटिंग सोल्यूशन्स, प्रशांत गुलाटी, फाउंडर दी असेम्बली, महावीर प्रताप शर्मा, टीम टाई, संगीता मूलचंदानी, फाउंडर जम्पस्टार्ट स्टूडियो, अनिता मनवानी, प्रेसिडेंट टाई सिलिकॉन वैली सहित विभिन्न कंपनियों के सीईओ, मैनेजिंग डायरेक्टर्स और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।