मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गौसेवा से करेंगे कार्यक्रमों की शुरुआत

सुशासन और विकास के दो वर्ष: राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ पर सोमवार को होंगे विविध आयोजन

news

जयपुर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में राजस्थान सरकार सोमवार, 15 दिसम्बर को अपने कार्यकाल के दो सफल वर्ष पूर्ण करने जा रही है। इस दौरान राज्य सरकार ने “आपणो अग्रणी राजस्थान” के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रदेशवासियों के कल्याण हेतु कई ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रमों की शुरुआत सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में गौसेवा कर करेंगे। इसके पश्चात वे सांगानेर क्षेत्र में ही आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री श्री शर्मा राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) परिसर में आयोजित आरोग्य शिविर एवं रक्तदान कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इस अवसर पर वे प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों में आउटसोर्स मोड पर 22 मदर लैब एवं 800 स्पोक्स का शुभारंभ करेंगे, जिससे आमजन को बेहतर और सुलभ जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा 1,000 दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में नेत्र जांच शिविरों का भी विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

दोपहर बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जवाहर कला केन्द्र, जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।