मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सीकर दौरे के दौरान सीएम को काले झंडे दिखाने का मामला तुल पकड़ता जा रहा है। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश नागा की गिरफ्तारी के बाद राजस्थान की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अपनी नाराजगी जताई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर SP पर हमला बोलते हुए पुलिस प्रशासन पर CMO के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। डोटासरा ने कार्यकर्ताओं की 5 दिन की रिमांड को छात्र आवाज़ दबाने की साजिश करार देते हुए कहा कि यह अति अब बर्दाश्त नहीं होगी। गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर एसपी को फोन लगाकर पूछा ओमप्रकाश नागा के साथ ऐसा बर्ताव किया जा रहा है, जैसे वो कोई हत्या या बलात्कार का आरोपी हो। उसने तो बस काले झंडे दिखाए हैं। क्या अब लोकतांत्रिक विरोध जताना भी अपराध हो गया है?
पुलिस पर भड़के डोटासरा, बोले- मर्डर नहीं किया तो रिमांड पर क्यों?
गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कई सवाल खड़े किए। डोटासरा ने पूछा क्या मुख्यमंत्री खाकी की आड़ में डर का साम्राज्य कायम करने की करतूतों को कानून का नाम देंगे? क्या संविधान की शपथ लेने वाले पुलिस अधिकारी दबाव में द्वेष और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करेंगे? मुख्यमंत्री एक युवा के काले झंडे दिखाने पर आहत हो गए, लेकिन प्रदेश में जंगलराज जैसे हालात पर आहत नहीं होते। प्रदेश में अपराध और माफिया राज पनप रहा है.. तब मुख्यमंत्री जी आहत क्यों नहीं होते? हर दिन औसतन 18 बच्चियों से दरिंदगी हो रही है.. तब मुख्यमंत्री जी आहत क्यों नहीं होते? बेटियों को घर से अगवा किया जा रहा है.. तब मुख्यमंत्री जी आहत क्यों नहीं होते? आम जनता बिजली-पानी के लिए तरस रही है.. तब मुख्यमंत्री जी आहत क्यों नहीं होते? किसान को न फसल का दाम, न मुआवजा.. तब मुख्यमंत्री आहत क्यों नहीं होते? हमारे निर्दोष नागरिकों की आतंकी हत्या कर रहे हैं.. तब मुख्यमंत्री आहत क्यों नहीं होते?
सीएम भजनलाल शर्मा को काले झंडे दिखाने के मामले ने पकड़ा तूल
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा NSUI जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा को गिरफ्तार करके झूठे मुकदमे लगाए गए। पुलिस ने जिस प्रकार से ओमप्रकाश और उनके परिवार को प्रताड़ित किया और उनके साथ अपराधियों जैसा बर्ताव किया, यह घोर निंदनीय व दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में ये सरासर गुंडागर्दी और तानाशाही है, दमन का यह माहौल भाजपा सरकार की अकर्मण्यता का नतीजा है। डोटासरा ने आगे चेतावनी दी कि अब अगर सीएम सीकर आएंगे तो मैं, राजेंद्र पारीक, हाकम अली और बाकी सभी नेता झंडे दिखाएंगे। आप सबको गिरफ्तार कर लीजिए। अब जहां भी सीएम जाएंगे, हम काले झंडे दिखाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सीएम ऑफिस (CMO) के इशारों पर काम कर रही है। CMO कह रहा है इनकी पिटाई करो, इन्हें मुर्गा बनाओ, कोर्ट में पेश मत करो, इनके रिश्तेदारों पर केस करो,” डोटासरा ने फोन पर एसपी से कहा। उन्होंने पुलिस पर ओमप्रकाश नागा को दो दिन से टॉर्चर करने, उसके मामा और भाई को उठाने और कानून का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप लगाए। वहीं इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा ओमप्रकाश नागा को गिरफ्तार कर उनके साथ गंभीर प्रकृति के अपराधियों जैसा व्यवहार करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। इसी प्रकार, बीकानेर में 6 लोगों की मृत्यु पर मुआवजे की मांग को लेकर धरना दे रहे पीसीसी सचिव रामनिवास कूकना के घर एक IPS के नेतृत्व में पुलिस दल गया। वहां कुछ न मिलने पर उनके खेत से पुलिस ने ट्रांसफार्मर उतार लिया। उनके पारिवारिक डेयरी को सील कर दिया।यह दिखाता है राजस्थान की पुलिस भाजपा सरकार के दबाव में आकर कानून से बाहर जाकर कार्रवाई कर रही है।