पत्रकार कॉलोनी हादसा: डिवाइडर तोड़ ठेलों पर चढ़ी ऑडी कार

Jaipur Accident: पत्रकार कॉलोनी में तेज रफ्तार ऑडी का तांडव, 16 घायल, एक की मौत

WhatsApp Image 2026-01-10 at 15

जयपुर। राजधानी जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खराबास सर्किल के पास तेज रफ्तार में दौड़ रही एक ऑडी कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे खाने के ठेलों व वहां मौजूद लोगों को कुचलती चली गई। हादसे में 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑडी कार बेहद तेज गति में थी। डिवाइडर से टकराने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 30 मीटर तक सड़क किनारे खड़े दर्जनभर से अधिक ठेलों से टकराती चली गई। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग दूर जा गिरे और ठेले पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

ओवरस्पीड बनी हादसे की मुख्य वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार सामान्य से कहीं अधिक थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए। हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

ऑडी कार जब्त, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जयपुरिया अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल ऑडी कार को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि कार का रजिस्ट्रेशन दमन-दीव का है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चालक नशे में था या नहीं।

3–4 घायलों की हालत गंभीर

घायलों में से 8 लोगों का इलाज जयपुरिया अस्पताल में किया गया। 4 घायलों को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जबकि 4 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं 3 से 4 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें एसएमएस अस्पताल और जयपुरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे इलाकों में कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।