हनुमान बेनीवाल ने कहा भाजपा ने समाजों को आपस में लड़ाया, तो कांग्रेस को बताया मरी हुई पार्टी 

हनुमान बेनीवाल ने कांग्रेस को बताया मरी हुई पार्टी, तो भाजपा के लिए कह दी इतनी बड़ी बात...

hanuman beniwal

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आए। बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर सियासी हमला बोला। बेनीवाल ने जहां कांग्रेस को मरी हुई पार्टी बताया तो वहीं भाजपा को  समाजों को आपस में लड़ाने वाली पार्टी कहा। एक पार्टी को सांपनाथ बताया तो दूसरी पार्टी को नागनाथ कहा। हनुमान बेनीवाल ने कहा दोनों ही पार्टियां एक दूसरे से मिली हुई है। दोनों पार्टियां राजस्थान को गलत दिशा की ओर लेकर जा रही है। राजस्थान में आज हर कोई भाजपा और कांग्रेस से ऊब चुका है। जनता ने कांग्रेस के शासन को भी देख लिया और भाजपा शासन को भी। दोनों में कोई फर्क नहीं है।‌ एक भी नेता जेल नहीं जा रहा है। राजस्थान में मिला-जुला खेल चल रहा है। पेपर लीक जैसी घटनाएं हुई है लेकिन फिर भी कोई नेता जेल नहीं गया। भाजपा और कांग्रेस के इस मिले-जुले खेल को खत्म करने के लिए ही राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी संघर्ष कर रही है। हनुमान बेनीवाल ने भाजपा पर जातीय विभाजन का आरोप लगाया। बेनीवाल ने कहा भाजपा ने राजस्थान में गुर्जर को मीणा समाज से लड़ाया है‌। जाट और राजपूतों के बीच भी मतभेद पैदा किए हैं। वहीं कांग्रेस के नेता सिर्फ अपना समय बर्बाद कर रहे हैं।

 

 

 

हनुमान बेनीवाल ने साधा भाजपा और कांग्रेस पर निशाना 
हनुमान बेनीवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का राजस्थान में कोई फ्यूचर नहीं है। सभी राज्यों में कांग्रेस घर बैठ चुकी है। आज बिहार में कांग्रेस पांचवें नंबर पर है तो उत्तर प्रदेश में छठे नंबर पर है। हनुमान बेनीवाल ने आज राजस्थान में कांग्रेस 4 गुटों में बंटी हुई है। पायलट गुट अलग है, गहलोत गुट अलग, जूली और डोटासरा के भी गुट बने हुए हैं। कांग्रेस के पास एक भी चेहरा नहीं है‌। कांग्रेस अगर चुनाव लड़ती है तो यह किसके चेहरे पर चुनाव लडेंगे। बेनीवाल ने कहा राजस्थान में पार्टियों ने जातियों की एकजुटता को खत्म किया और लोगों का ध्यान मुद्दों से भटकाया। जहां लोगों को पहले एक दूसरे पर भरोसा होता था आज वह टूट चुका है। बेरोजगारी आज सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। सरकार डिग्रियां तो दे रही है लेकिन आज युवा बेरोजगारी से तंग आकर आत्महत्या कर रहा है। पेट्रोल डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। विधानसभा की कार्यवाही ठप होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों को इसलिए नहीं चुनती कि वे सिर्फ फोटो खिंचवाएं और हुड़दंग करें, बल्कि उनकी समस्याओं की आवाज उठाने के लिए भेजती है।

बेनीवाल ने कहा दोनों पार्टियां मिली हुई, एक भी नेता नहीं गए जेल 
बेनीवाल ने कहा कि वे दिल्ली में इंडिया गठबंधन में कांग्रेस की वजह से नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि नागौर में कांग्रेस ने उन्हें वोट दिए, तो आरएलपी ने भी 25 सीटों पर कांग्रेस को समर्थन दिया, जिससे कांग्रेस को फायदा हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जैसे ही उन्हें दूर किया, वैसे ही कांग्रेस को कई सीटों पर हार का सामना करना पड़ा और उसकी जमानत जब्त हो गई। हनुमान बेनीवाल ने गोविंद सिंह डोटासरा पर भी निशाना साधा। बेनीवाल ने कहा- पार्टी के मझे हुए नेता इस तरह की गलत हरकत करते हैं तो एक गलत मैसेज जाता है। पहले तो काम कर दिया और फिर माफी मांगी ली। माफी एक बार नहीं, दो बार मांगी है, तो करना नहीं चाहिए। अगर कर दिया तो माफी नहीं मांगनी चाहिए। मैंने तो आज तक माफी नहीं मांगी। कितनी बार संघर्ष किया और लोकसभा में भी सस्पेंड हुआ, लेकिन माफी नहीं मांगी। या तो करो मत, अगर करो तो फिर पीछे मत हटो। कांग्रेस ने राजस्थान की जनता और पैसे को बर्बाद किया है। 25 दिन अब असेंबली चलेगी नहीं और नेता 10 दिन बाहर चले गए। इंडिया अलायंस पर बेनीवाल ने कहा- दिल्ली में मैं अभी भी अलायंस के अंदर हूं। कांग्रेस कोई भी मुद्दा लेकर आती है तो हम उसके साथ खड़े हैं, लेकिन हमारे मुद्दे को कांग्रेस देख नहीं रही है, यह अलग बात है। अभी स्टेट के अंदर कांग्रेस ने खुद ने ही अलायंस तोड़ा था, लेकिन मेरा कोई मूड नहीं था।