राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की खुलकर तारीफ की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यों की सराहना की

Amit Shah

 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की खुलकर तारीफ की शाह ने कहा कि राजस्थान के विकास के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हाल ही में हुए ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिति में 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू होना, 3 लाख करोड़ रुपए के एमओयू पर काम शुरू होना, डीजल और पेट्रोल पर वैट घटाकर लोगों को महंगाई से राहत देना, सिर्फ 450 रुपए में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना, जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक जल पहुंचाना, रामसेतु लिंक परियोजना और हरियाणा से पानी लाने के लिए टीआरपी को मंजूरी देने सहित ढेरों काम किए हैं।

देश के विकास में पीएम मोदी ने पिछले 11 वर्षों में अहम योगदान दिया- अमित शाह

 उन्होंने कहा कि देश के विकास में पीएम मोदी ने पिछले 11 वर्षों में अहम योगदान दिया। भारत को आर्थिक ताकत के रूप में आगे बढ़ाते हुए विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने का काम किया। सहकारिता को हर गांव तक पहुंचाने के लिए पीएम मोदी ने इसके लिए स्वतंत्र मंत्रालय की स्थापना की। आज 98 प्रतिशत किसान सहकारिता के साथ सक्रिय भूमिका में जुड़े हुए हैं। गेहूं की खरीद में 20 प्रतिशत योगदान सहकारिता का है। उर्वरक उत्पादन में 35 प्रतिशत, और 30 प्रतिशत चीनी सहकारिता के माध्यम से उत्पादित की जाती है। 

राजस्थान में पेपरलीक माफिया पर कसा शिकंजा- अमित शाह

उन्होंने कहा कि राजस्थान लंबे समय तक पेपरलीक जैसी समस्याओं से जूझता रहा, लेकिन अब भजनलाल सरकार ने SIT का गठन कर इस माफिया तंत्र के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। इससे यह स्पष्ट संकेत गया है कि अब सरकारी भर्तियों के नाम पर किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में देश बार-बार आतंकी हमलों का शिकार होता रहा। चाहे मुंबई हो या जम्मू-कश्मीर, हर बार निर्दोषों की जान गई। लेकिन मोदी सरकार ने आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर सबक सिखाया है।