राजस्थान कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय नहीं होने और लापरवाही बरतने पर 17 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने संगठन सशक्तीकरण अभियान को लेकर विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त विधानसभा समन्वयकों का सहयोग करने और सक्रिय रहने के लिए कहा था, लेकिन ब्लॉक अध्यक्षों ने इन कार्यों में उदासीनता बरती। कांग्रेस महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि हाल ही में विधानसभा स्तर पर समन्वयकों की बैठकें हुई थीं, जिनमें निष्क्रिय पदाधिकारियों की पहचान कर रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को भेजी गई थी। डोटासरा ने बुधवार को समन्वयकों से वन-टू-वन फीडबैक भी लिया था।
इन ब्लॉक अध्यक्षों को मिला नोटिस
ब्यावर, सिवाड़, नदबई, उच्चैन, रायपुर, डूंगरगढ़, टिब्बी, पोकरण, सांकड़ा, गुढ़ा, केलादेवी, बर, सुमेरपुर लसाड़िया, बौंली, चौथ का बरवाड़ा, गोगूंदा।
7 दिन में देना होगा जवाब
इन 17 ब्लॉक अध्यक्षों को 7 दिन के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा गया है। पार्टी की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि जवाब संतोषजनक नहीं होने पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अन्य निष्क्रिय पदाधिकारियों की पहचान का काम भी लगातार जारी है।
58 हजार से अधिक पदाधिकारियों का डाटा तैयार
बता दें कि गुजरात में हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में राजस्थान में सबसे पहले पार्टी ने कदम उठाया था. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा के निर्देश पर 58 हजार से अधिक सक्रिय और निष्क्रिय मंडल, ब्लॉक, जिला और बूथ पदाधिकारियों का डिजिटल डाटा तैयार गया था.