एक्टर मुकुल देव ICU में भर्ती थे 'सन ऑफ़ सरदार' के अभिनेता मुकुल देव का हुआ निधन
Saturday, 24 May 2025 00:00 am

Golden Hind News

हिंदी, पंजाबी और साउथ फिल्मों के अभिनेता मुकुल देव का 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और हाल ही में उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनके निधन का कारण अब तक सामने नहीं आया है। मुकुल देव एक्टर राहुल देव के छोटे भाई थे। राहुल ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि बीती रात, नई दिल्ली में उनके भाई मुकुल देव ने अंतिम सांस ली। मुकुल की एक बेटी है, जिसका नाम सिया देव है। मुकुल देव का अंतिम संस्कार 24 मई, शनिवार शाम 5 बजे दयानंद मुक्ति धाम में किया जाएगा।

‘सन ऑफ सरदार’ से मिली अलग पहचान

मुकुल देव ने कई बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया। फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ में उन्होंने टोनी सिंह संधू का किरदार निभाया था। इस रोल से उन्हें खास पहचान मिली। उन्होंने ‘यमला पगला दीवाना’, ‘R… राजकुमार’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं निभाईं। आखिरी बार बड़े पर्दे पर 2022 में 'अंत द एंड' फिल्म में देखा गया था। उन्हें 7वें अमरीश पुरी पुरस्कार से भी सम्मानित किया था।

विंदु दारा सिंह ने मुकुल के निधन पर शोक जताया

'सन ऑफ सरदार’ फिल्म में मुकुल देव के साथ काम कर चुके एक्टर विंदु दारा सिंह ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होने बताया कि मुकुल देव पिछले दस दिनों से दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे और शुक्रवार रात दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। दरअसल, कोविड के बाद वे काफी डरे हुए थे और उनके मन में हमेशा कोविड का डर बना रहता था। हालांकि हमने मुकुल देव को पूरी तरह समझाया था और एक महीने तक उनके साथ एक्सरसाइज भी की थी। जब मुकुल देव हमारे पास आए थे, तब उनका वजन लगभग 125 किलो था, जिसे उन्होंने एक महीने में 120 किलो तक कम कर लिया था और उन्हें फिट करके भेजा था। लेकिन वापसी के बाद वे फिर से अपनी पुरानी दिनचर्या पर लौट गए।

इन टीवी शोज-फिल्मों में किया था काम

मुकुल देव ने 1996 में टीवी शो से डेब्यू किया था। वह कई टीवी शोज में नजर आए और फिर फिल्मों में अपनी शुरुआत की। उनकी पहली फिल्म थी दस्तक जिसमें उन्होंने एसीपी रोहित मल्होत्रा का किरदार निभाया था। उन्होंने किला, वजूद, कोहराम, मुझे मेरी बीवी से बचाओ और सन ऑफ सरदार जैसी फिल्मों में काम किया। इसके अलावा वह आर राजकुमार, जय हो में खलनायक भी बन चुके थे। उनके फेमस टीवी शोज में प्यार जिंदगी है, कहानी घर घर की और कहीं दिया जले कहीं जिया नाम शामिल हैं।

Lalita choudhary