
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बुधवार को कतर में भारतीय बिजनेसमैन मुकेश अंबानी ने मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने हाथ भी हिलाया। मुकेश अंबानी कुछ देर रुककर ट्रम्प से बात करते हुए भी नजर आए।
इससे पहले कल रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और कतर के अमीर शेख तामिन बिन हमद अल-थानी के बीच बुधवार को दोहा में 1.2 ट्रिलियन डॉलर (करीब 100 लाख करोड़ रुपए) की अलग-अलग डील हुई।
व्हाइट हाउस के मुताबिक इसमें दोनों देशों के बीच 243 अरब डॉलर (करीब 20 लाख करोड़ रुपए) की फाइनेंशियल डील भी शामिल है।
इस फाइनेंशियल डील में कतर एयरवेज द्वारा बोइंग विमानों की खरीद, हथियारों की खरीद, नेचुरल गैस और क्वांटम टेक्नोलॉजी से जुड़े सौदे शामिल हैं।
कतर एयरवेज ने बोइंग और जीई एयरोस्पेस के साथ 210 मेड इन अमेरिका 'बोइंग 787 ड्रीमलाइनर' और '777X' विमानों की खरीद का समझौता किया। इसकी वैल्यू 96 अरब डॉलर (करीब 8 लाख करोड़ रुपए) है।
अमेरिका और कतर में 4 प्रमुख समझौते
यूएस-कतर के साथ मजबूत है मुकेश अंबानी के संबंध
मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का कतर के सॉवरेन वेल्थ फंड, कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) के साथ पहले से ही निवेश संबंध है। QIA ने रिलायंस के रिटेल वेंचर में करीब 1 अरब डॉलर का निवेश किया है। इसके अलावा, रिलायंस का अमेरिकी टेक दिग्गजों जैसे गूगल और मेटा के साथ भी गहरा व्यापारिक रिश्ता है।बता दें कि ये मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और अमेरिका-चीन व्यापार समझौतों की चर्चा वैश्विक स्तर पर चल रही है।
मुकेश अंबानी और ट्रंप परिवार के बीच लंबे समय से करीबी संबंध रहे हैं। जनवरी 2025 में मुकेश और नीता अंबानी ट्रंप के दूसरे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे और एक निजी रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया था। इसके अलावा, 2017 में इवांका ट्रंप की हैदराबाद यात्रा और 2020 में ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान भी अंबानी परिवार की मौजूदगी देखी गई थी।