अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजस्थान के नेताओं ने दी शुभकामनाएं, कहा- नारी सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि महिला दिवस पर राजस्थान के नेताओं ने दी शुभकामनाएं, सीएम ने कहा -महिलाएं न केवल परिवार की धुरी हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला
Friday, 07 Mar 2025 12:30 pm

Golden Hind News

नारी तू नारायणी, तुझसे ही संसार बना। महिलाओं का सम्मान सिर्फ एक परंपरा या औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज की उन्नति और विकास की सबसे अहम बुनियाद है। आज जब हम महिलाओं की ताकत और उपलब्धियों की बात करते हैं, तो 8 मार्च का दिन खुद-ब-खुद एक प्रतीक बन जाता है। यह सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि नारी शक्ति के संघर्ष, संकल्प और सफलता का उत्सव है। दुनिया भर में इस दिन को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजस्थान के नेताओं ने भी अपने अपने अंदाज में महिलाओं को शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने ऊंचाईयों को छू रही महिलाओं को समाज की आधारशिला बताया है। जो एक सशक्त परिवार के साथ साथ समाज और राष्ट्र का निर्माण करती है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मां की शक्ति को नमन किया। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि महिलाएं आज जीवन के सभी क्षेत्रों में सफलता के नए कीर्तिमान रच रही हैं। उन्होंने महिला दिवस पर नारी सशक्तीकरण के लिए सभी स्तरों पर प्रयास कर बालिकाओं और स्त्रियों की बेहतरी के लिए वातावरण निर्माण का आह्वान किया है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजस्थान के नेताओं ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा महिलाएं न केवल परिवार की धुरी हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला भी हैं। उनका योगदान जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अमूल्य और अपरिहार्य है। नारी तुम नारायणी' के मंत्र के अनुरूप हमारी सरकार राजस्थान में यह निरंतर सुनिश्चित कर रही है कि महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक स्वावलंबन के लिए सर्वोत्तम अवसर और संसाधन प्राप्त हों। आइए, हम सभी मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करें जहां लैंगिक भेदभाव का कोई स्थान न हो और महिलाएं अपनी प्रतिभा और क्षमता का पूर्ण विकास कर सकें। सीएम ने कहा म्हारी बेटियां, म्हारी शान, भर रहीं हौसलों की उड़ान।राजस्थान की महिला खिलाड़ी अपने संघर्ष और समर्पण से पदक जीतकर खेल जगत में नई ऊंचाइयां छू रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के साथ ही महिला सशक्तीकरण की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और विकसित व खुशहाल राजस्थान के निर्माण में योगदान दें।

उप मुख्यमंत्री ने भी किया नारी शक्ति को नमन 
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन महिलाओं के अधिकारों, उनके सशक्तिकरण और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देने का अवसर है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित राजस्थान' के संकल्प को साकार करने के लिए महिलाओं की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र और राज्य सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं, जिससे प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रही हैं। उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा ने कहा यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की समस्त मातृशक्ति व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। नारी शक्ति ही सृजन और समृद्धि की आधारशिला है। राजस्थान प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों के जीवन को खुशहाल बनाना हमारी सरकार का ध्येय है। आपके सशक्त, आत्मनिर्भर और गरिमापूर्ण भविष्य के लिए सतत प्रयास के लिए प्रदेश की डबल इंजन वाली भाजपा सरकार संकल्पित है।

सीएम से लेकर पूर्व सीएम तक नेताओं ने कहा नारी तुम नारायणी
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। अपनी लगन, परिश्रम तथा दृढ़ निश्चय से महिलाएं आज हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं।हमारे कार्यकाल में शुरू की गई अनेक योजनाओं से महिलाओं को  शिक्षा प्राप्त करने, स्वावलंबी होने तथा निरोगी होने के बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा समस्त नारी शक्ति को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ढेरों शुभकामनाएं। देश की उन्नति एवं विकास में आपका योगदान सदैव अतुलनीय रहा है। महिलाएं अपनी मेहनत, लगन तथा दृढ़ निश्चय से आज हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं, जो गर्व की बात है।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा मातृ शक्ति के सम्मान, गरिमा एवं उनके अधिकारों के लिए समर्पित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की समस्त नारी शक्ति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।नारी सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि शक्ति, साहस, प्रेम और संकल्प का प्रतीक है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपने कौशल और परिश्रम से नए आयाम स्थापित कर रही हैं, जो हमारे लिए गर्व और सराहना की बात है। देश की उन्नति एवं विकास में आपका योगदान सदैव अतुलनीय रहेगा। आपके अद्वितीय योगदान, समर्पण और दृढ़ संकल्प को सलाम।