भाजपा सरकार में मंत्री अविनाश गहलोत के बयान के बाद राजस्थान में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अविनाश गहलोत ने सदन के पटल पर इंदिरा गांधी को लेकर टिप्पणी की थी इसे लेकर विपक्ष लगातार धरना प्रदर्शन कर रहा है। पक्ष और विपक्ष के आमने-सामने होने के बाद सदन की कार्यवाही भी प्रभावित हो रही है। गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा भाजपा अपने आपसी अंतर्कलह की सजा जनता को दे रही है। सरकार को बजट में अपना विजन जनता के सामने रखना चाहिए था लेकिन सरकार तो खुद ही गतिरोध करके बैठ गई है। स्व. इंदिरा गांधी का अपमान बर्दाश्त से बाहर है। राजस्थान की जनता भाजपा की ओछी और नकारात्मक राजनीति को कतई सहन नहीं करेगी। भाजपा सरकार ने कांग्रेस विधायकों के संवैधानिक अधिकारों को कुचलने और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए षड्यंत्रपूर्वक पूरा घटनाक्रम रचा है।
डोटासरा ने पूछा मंत्री माफी पर विधानसभा अध्यक्ष ने व्यवस्था क्यों नहीं दी?
डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा ये लोग नाथूराम गोडसे के अनुयायी हैं, जालसाजी और विश्वासघात करना इनके खून में है। डोटासरा ने कहा राजस्थान की जनता साक्षी है, मैंने पूरे घटनाक्रम पर सदन में खेद प्रकट किया है लेकिन समझौते के बावजूद भाजपा सरकार के मंत्री की माफी नहीं आई। डोटासरा ने कहा मंत्री माफी पर विधानसभा अध्यक्ष ने व्यवस्था क्यों नहीं दी? क्योंकि भाजपा सरकार ने ये सारा षड्यंत्र विपक्ष को कुचलने और बजट विफलता पर चर्चा से भागने के लिए रचा है। अपमान करना और माफी नहीं मांगना इनकी आदत रही है। चाहे अविनाश गहलोत हो या इनके केंद्र के मंत्री और सांसद डोटासरा ने कहा स्वयं प्रधानमंत्री मोदी ने रेणुका चौधरी पर अभद्र टिप्पणी की, लेकिन माफी नहीं मांगी। गृह मंत्री अमित शाह ने अंबेडकर का अपमान किया, लेकिन माफी नहीं मांगी।बृजभूषण शरण सिंह पर पहलवान बेटियों के यौन शौषण का गंभीर आरोप लगा, अपशब्द कहे लेकिन माफी नहीं मांगी। रवनीत बिट्टू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लिए गलत टिप्पणी की, लेकिन माफी नहीं मांगी। रमेश विधूड़ी ने लोकसभा में दानिश अली जी के लिए कितना गंदा बोला, लेकिन भाजपा ने माफी नहीं मांगी। अनुराग ठाकुर ने सरेआम गाली और धमकी दी, भावनाएं भड़कायी लेकिन माफी नहीं मांगी। डोटासरा ने कहा ये लोग देश में तानाशाही से जो मर्जी आए कहना और करना चाहते हैं। सत्ता के अहंकार विपक्ष की आवाज़ दबाना चाहते हैं।
गोविंद सिंह डोटासरा ने साधा भाजपा पर निशाना, कहा-विश्वासघात करना इनके खून में
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा जब तक भाजपा सरकार के मंत्री स्व. इंदिरा गांधी के अपमान पर माफी नहीं मांगते तब तक कांग्रेस सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगी। हम जनता की लड़ाई सड़क पर लड़ने के लिए तैयार हैं। डोटासरा बोले, सीएम सदन के नेता होते हैं। मंत्री और राज्यमंत्री आ रहे हैं। सीएम के पैर में मेहंदी लगी है क्या। क्या उन्हें नहीं नहीं आना चाहिए हमारी मीटिंग में। उनके लिए सदन चलाना महत्वपूर्ण नहीं है क्या। किरोड़ीलाल मीना का प्रकरण। सीएम और स्पीकर के बीच गैप। यह संवादहीनता है, इनके आपसी अंतर्कलह कि ये जनता को सजा दे रहे हैं। इन्हें मंत्री अविनाश गहलोत से उनके बयान के लिए माफी मंगवानी चाहिए।