लखपति दीदी योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब 20 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया बजट घोषणा के तहत प्रदेश में अब 20 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित - ग्रामीण विकास राज्य मंत्री
Friday, 21 Feb 2025 02:30 am

Golden Hind News

ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष की बजट घोषणा में प्रदेश में लखपति दीदी योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब 20 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।  ग्रामीण विकास राज्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में लखपति दीदी योजना के तहत वर्ष 2024-2025 की बजट घोषणा के द्वारा 15 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध राजीविका द्वारा जनवरी, 2025 तक 15 लाख 21 हजार 332 लखपति दीदी का चिन्हिकरण कर इन्हें विभिन्न आजीविका सम्बन्धित गतिविधियों से जोड़ा गया है।  

उन्होंने जानकारी दी कि लखपति दीदी स्वयं सहायता समूह की सदस्या होती हैं। इस योजना के तहत महिलाओं को सीधे रोजगार न देकर विभिन्न कृषि एवं गैर कृषि आधारित गतिविधियों से जोड़कर इनकी आय को 1 लाख से अधिक किये जाने का प्रावधान है। इससे पहले विधायक रफीक खान के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार पालनहार योजनान्तर्गत कुल 6 लाख 15 हजार 98 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।