अर्जुनराम मेघवाल ने मीराबाई पर दिया विवादित बयान, प्रताप सिंह खाचरियावास ने लगा दी क्लास  मीराबाई पर बयान देकर बुरे फंसे अर्जुन राम मेघवाल, भड़क उठे प्रताप सिंह खाचरियावास 
Wednesday, 25 Dec 2024 12:30 pm

Golden Hind News

 

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भक्त शिरोमणि मीराबाई पर बयान देकर आफत मोल ले ली है। मीराबाई को लेकर दिए गए बयान के बाद राजपूत समाज में भारी आक्रोश है। राजपूत समाज के अलग-अलग संगठनों ने मेघवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अर्जुनराम मेघवाल से माफी मांगे जाने की मांग की गई है। ऐसा नहीं करने पर देशव्यापी उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। दरअसल केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पिपराली स्थित श्रीश्याम गौशाला की स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मीरा बाई के बारे में जो कहा। उसे लेकर राजपूत समाज में भारी नाराजगी है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दिया मीराबाई पर विवादित बयान 
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनलाल मेघवाल की मीरा बाई पर टिप्पणी के बाद विरोध नजर आ रहा है। राजपूत समाज ने केंद्रीय मंत्री के बयान पर आपत्ति जाहिर की है। कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे प्रताप सिंह खाचरियावास ने अर्जुन राम मेघवाल पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा, "मंत्री इतिहास को ठीक करने की बात कर रहे हैं। उन्हें अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए। अर्जुनरामजी को घमंड हो गया है, आप कौन हैं, आपको किसने अधिकार दिया। साथ ही प्रताप सिंह खाचरियावास ने बीजेपी और केंद्रीय मंत्री को परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। 

अर्जुनराम मेघवाल के बयान पर भड़के प्रताप सिंह खाचरियावास 
प्रताप सिंह खाचरियावास ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा की केंद्रीय मंत्री ने बाबासाहेब का अपमान किया। और अब मीराबाई का अपमान कर रहे हैं। खाचरियावास ने कहा आप माफी मांगिए। आपको किसने यह अधिकार दिया।  पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भक्त शिरोमणि, जिनकी भक्ति के चर्चे पूरी दुनिया में मशहूर है। जो भक्ति में लीन होकर भगवान कृष्ण की मूर्ति में समां गई थी। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम ने ऐसी भक्त शिरोमणि मीरा के लिए बहुत ही गलत शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने इस मामले में इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया।

मीराबाई पर बयान देकर बुरे फंसे अर्जुन राम मेघवाल
दरअसल अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा था कि 'मीरा मेड़ता में जन्मी... शादी चित्तौड़ में की और हम सब इतिहास में ऐसा पढते हैं कि मीरा के पति ने उसको तंग किया... ऐसा नहीं है... मीरा के पति एक साल जिंदा रहे... खानवा के युद्ध में उनकी डेथ हो गई... मीरा के पति की डेथ होने के बाद मीरा का जो देवर राणा बना, उसने मीरा से कहा कि मेरे से शादी करो... यहां से झगड़ा शुरू होता है...' केंद्रीय मंत्री के संबोधन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जब से यह वीडियो सामने आया है तब से बवाल मचा हुआ है।

युवा शक्ति संयोजक शक्ति सिंह बांदीकुई ने भी केंद्रीय मंत्री के बयान का विरोध जताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्री जी का यह कहना कि मीरा बाईसा के पति कुंवर भोजराज जी की मृत्यु खानवा युद्ध में हुई थी, ऐतिहासिक रूप से पूरी तरह से गलत है। भोजराज जी खानवा के युद्ध से छह वर्ष पहले ही स्वर्ग सिधार चुके थे। इसके अलावा, मंत्री जी का यह दावा कि विवाह के एक साल बाद भोजराज जी की मृत्यु हो गई थी, भी गलत है। भोजराज जी का निधन विवाह के सात वर्ष बाद हुआ था और उनके अंतिम समय में मां मीरा ने स्वयं उन्हें अपनी गोद में लेकर अपने पद 'पधारो श्रीजी संग सरकार, खुले है मन मंदिर के द्वार, तुम्हारी दासी करे इंतजार, पधारो श्रीजी संग सरकार......' का गायन किया था।