कॉंग्रेस की ओर से राजनीतिक पारी शुरू कर सकते हैं वीरेंद्र सहवाग, काँग्रेस प्रत्याशी का समर्थन करते हुए दिखे 
Tuesday, 24 Sep 2024 13:30 pm

Golden Hind News

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद सहवाग की राजनीतिक एंट्री की अटकलें तेज हो गई हैं। इसके बाद माना जा रहा है कि सहवाग काँग्रेस की तरफ से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकते हैं। 
 

अपने बयानों के कारण हमेशा ही चर्चा में बने रहने वाले भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग जल्द ही राजनीतिक पिच पर अपनी पारी शुरू कर सकते हैं। सोशल मीडिया के गलियारों को मानें तो गेंदबाजों का काल बनने वाला यह विस्फोटक बल्लेबाज भविष्य में कॉंग्रेस का हाथ थाम सकता है। 

सहवाग की राजनीति के दावों की कहानी 

दरअसल, सोशल मीडिया पर ये दावा किया जा रहा है कि कुछ समय से वीरेंद्र सहवाग हरियाणा के विधानसभा चुनाव में काँग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध चौधरी के लिए वोट मांग रहे हैं। इसी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल एक विडियो में सहवाग में दावा किया जा रहा है कि सहवाग ने कुछ समय पहले काँग्रेस के समर्थन में एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो के बाद से ही ये अटकलें तेज हो गईं कि जल्द ही वीरेंद्र सहवाग अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत कर सकते हैं। अनिरुद्ध हरियाणा की तोशाम विधानसभा सीट से काँग्रेस के प्रत्याशी हैं। इससे पहले अनिरुद्ध बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। 

कॉंग्रेस की ओर से फेंक सकते हैं राजनीतिक पासा 

वीरेंद्र सहवाग की राजनीतिक एंट्री की अटकलें सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो से शुरू हुई थीं। वीडियो में सहवाग काँग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध चौधरी के समर्थन में चुनावी रैली में शामिल होते हुए दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में एक ट्रैक्टर रैली दिखाई दे रही है जिसमें खुद सहवाग भी एक ट्रैक्टर पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, ये दावे अभी सिर्फ सोशल मीडिया से उपजी कुछ अटकलें हैं और अभी तक इस बात की कोई पुष्टि नहीं की गई है। इसके अलावा भी सहवाग ने अपने इंस्टाग्राम हैन्डल पर भी एक स्टोरी साझा की थी जिसमें वे अनिरुद्ध चौधरी का समर्थन करते हुए नजर आ रहे थे।  

अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते थे सहवाग 

क्रिकेट की दुनिया में वीरेंद्र सहवाग अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते थे। अपने क्रिकेट कैरियर में सहवाग के नाम कई उपलब्धियां और रिकार्ड दर्ज हैं। सहवाग ने भारत के लिए 104 टेस्ट, 251 वनडे और 10 टी-20 इंटरनेशनल खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 49.34 की औसत से 8,586 रन बनाए हैं और वनडे में सहवाग के नाम 35.06 की औसत से 8,273 रन दर्ज हैं। इसके अलावा सहवाग ने टेस्ट क्रिकेट में दो बार तिहरा शतक भी लगाया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ ये तिहरे शतक लगाए  हैं। इसमें से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया गया तिहरा शतक टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज शतक है। उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हए भारत सरकार ने 2010 में पद्मश्री से सम्मानित किया था।