राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित सदस्य पदों के लिए पुनर्मतदान करवाने के आदेश जारी किए ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण बालेसर के दो मतदान केन्द्रों पर 22 नवम्बर को होगा पुनर्मतदान
Saturday, 21 Nov 2026 00:00 am

Golden Hind News

पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जोधपुर की पंचायत समिति बालेसर के दो मतदान केन्द्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतगणना परिणाम प्रदर्शित नहीं होने के फलस्वरूप राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित सदस्य पदों के लिए पुनर्मतदान करवाने के आदेश जारी किए हैं। 

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेश के अनुसार पंचायत समिति बालेसर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 03 के बूथ संख्या 15 एवं निर्वाचन क्षेत्र संख्या 10 के बूथ संख्या 63 पर 20 नवम्बर को निर्धारित मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण संबंधित सदस्य पदों के परिणाम जारी नहीं हो सके। जिला निर्वाचन अधिकारी/रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट एवं उसमें वर्णित तथ्यों और परिस्थितियों के परीक्षण के उपरांत आयोग ने पाया कि तकनीकी खराबी के कारण प्रदर्शित नहीं हो सके मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभ्यर्थियों के मतों के अंतर से अधिक है।

इस पर राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आयोग ने उक्त दोनों मतदान केन्द्रों पर संबंधित सदस्य पदों के लिए हुए मतदान को शून्य घोषित कर 22 नवम्बर को पुनर्मतदान करवाने का निर्णय लिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा तथा उसी दिन रात्रि 9 बजे से मतगणना प्रारम्भ की जाएगी। पुनर्मतदान के लिए मतदान दल 21 नवम्बर को जिला मुख्यालय से संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होंगे।

जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना जिला मुख्यालय पर सम्पादित की जाएगी एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना पंचायत समिति मुख्यालयों पर आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप करवाई जाएगी। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पुनर्मतदान की तिथि, समय एवं स्थान की सूचना संबंधित अभ्यर्थियों अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को लिखित रूप में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में ढोल बजवा कर अथवा अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा पुनर्मतदान संबंधी सूचना कार्यालय, संबंधित पंचायत समिति, मतदान केन्द्र के नोटिस बोर्ड एवं निर्वाचन क्षेत्र के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग के निर्देशानुसार पुनर्मतदान में केवल संबंधित मतदान केन्द्र पर मतदान के लिए अधिकृत मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मूल मतदान के दौरान मतदाताओं की अंगुली पर लगाए गए अमिट स्याही के निशान को पुनर्मतदान के लिए मान्य नहीं किया जाएगा। पुनर्मतदान के दौरान मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अमिट स्याही का निशान लगाया जाएगा।

आवश्यकता होने पर ईवीएम में उपयोग के लिए मतपत्र एवं निविदत्त मतपत्र नए सिरे से मुद्रित करवाए जा सकेंगे। इनके मुद्रण में मूल मतदान के दौरान मुद्रित मतपत्रों के अगले क्रमांक का उपयोग किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए के उपनियम (3) के तहत मूल मतदान के लिए लागू प्रावधान पुनर्मतदान में भी यथावत लागू रहेंगे। आयोग ने मूल मतदान में प्रयुक्त ईवीएम को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखने के भी निर्देश दिए हैं।