बेंगलुरू से सामने आया दिल दहलाने वाला हत्या का मामला, 30 टुकड़ों में कटा मिला महिला का शव
Saturday, 21 Sep 2024 13:30 pm

Golden Hind News

बेंगलुरू से एक दिल दहलाने वाला हत्या का मामले सामने आया है जहां बिहार निवासी महिला का 30 टुकड़ों में कटा शव पुलिस को मिला है। पुलिस को महिला के करीबी लोगों पर शक है। 
 

बेंगलुरू : बेंगलुरू में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला की हत्या करने के बाद शव के तीस टुकड़े कर के वहीं फ्लैट के फ्रिज में रख दिया था। महिला बिहार की रहने वाली बताई जा रही है जो काफी समय से बेंगलुरू में रह रही थी। 
मामला बेंगलरू के वय्यालिकावल पुलिस थान क्षेत्र का है। महिला वीरन्ना रोड पर एक तीन मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर रहती थी। हत्या का पता तब चला जब बिल्डिंग से तीव्र दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस का सूचना दी। इसके बाद जब मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर फ्लैट के अंदर घुसी तो फ्रिज के अंदर रखी महिला की लाश देखकर जांच में जुट गई। हत्या का तरीका श्रद्धा वाकर मर्डर केस से मिलता जुलता है। 2022 के इस हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर को रख दिया था जब दिल्ली की निवासी महिला की उसके लिव-इन-पार्टनर आफताब पूनावाला ने गला घोंट कर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी ने महिला के शव को टुकड़ों में काटकर महरौली के जंगलों में फेंक दिया था। इस मामले का आरोपी आफताब अभी दिल्ली की तिहाड़ जेल में अपनी सजा काट रहा है। 

बिहार की रहने वाली है मृतका महालक्ष्मी 

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका महालक्ष्मी बिहार की रहने वाली है। वह लंबे समय से बेंगलुरू में रह रही थी। महिला की उम्र 26 बताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या में उसके करीबी रिश्तेदारों को हाथ हो सकता है। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खँगालनी शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर जल्द से जल्द  आरोपी की गिरफ़्तारी की कोशिशें कर रही है। 

तीस टुकड़ों में कटा मिला महिला का शव 

इस नृशंस हत्या से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की हालत देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भी सांसें फूल गई थीं। पुलिस ने शव की प्रारम्भिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस मामले की तेजी से जांच कर रही है और महिला के करीबी रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार तीस टुकड़ों में कटा हुआ महिला का शव फ्रिज के अंदर मिला था। माना जा रहा है कि महिला की हत्या करने के बाद आरोपी जल्दी में शव को वहीं फ्रिज में छोड़कर फरार हो गया होगा। 

नेपाल में रहता है महिला का पति 

बिहार में रहने वाली महिला का पति नेपाल का रहने वाला है और अभी एक आश्रम में काम कर रहा है। पति-पत्नी के बीच आपसी झगड़े और कलह के कारण दोनों काफी समय से एक दूसरे से अलग रह रहे थे। पुलिस जांच करते समय इस पहलू को भी ध्यान में रख रही है। बताया जा रहा है कि महिला चार से पाँच महीने पहले इस 1 आरके फ्लैट में शिफ्ट हुई थी। 

डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक विशेषज्ञ जांच में जुटे 

एसीपी (पश्चिम क्षेत्र) एन सतीश कुमार ने बताया कि, "व्यालिकावल पुलिस थाना क्षेत्र में एक घर में एक महिला का शव टुकड़ों में कटा हुआ और फ्रिज में रखा हुआ मिला। ऐसा लगता है कि यह 4-5 दिन पहले किया गया था। शव की पहचान हो गई है। जांच जारी है। जांच के बाद हम और जानकारी देंगे। वह कर्नाटक में रहती थी, लेकिन मूल रूप से दूसरे राज्य की है।" अपनी प्रारम्भिक जांच में पुलिस ने पाया है कि मल्लेश्वरम में रहने वाली महालक्ष्मी एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करती थी और लगभग दो हफ्तों से काम पर नहीं जा रही थी। पुलिस की डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है।