सेवा संघों से जुड़े विभिन्न विषयों पर हुआ विचार-विमर्श मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के सदस्य सचिव ने की भेंट
Tuesday, 01 Sep 2026 00:00 am

Golden Hind News

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से सोमवार को शासन सचिवालय में आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के सदस्य सचिव पंकज जैन ने भेंट की। इस दौरान आठवें केंद्रीय वेतन आयोग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने आयोग के समक्ष विचारार्थ महत्वपूर्ण विषयों पर राजस्थान सरकार का दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने आयोग से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए सभी हितधारकों के बीच सतत एवं सुव्यवस्थित परामर्श के महत्व को रेखांकित किया।

जैन ने मुख्य सचिव को आयोग द्वारा सेवा संघों के साथ आयोजित बैठकों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा संघ, भारतीय पुलिस सेवा संघ एवं भारतीय वन सेवा संघ द्वारा प्रस्तुत ज्ञापनों में उठाए गए प्रमुख विषयों एवं बिंदुओं से भी अवगत कराया। 

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बैठक के दौरान सेवा संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहलुओं पर चर्चा की। वहीं, आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के सदस्य सचिव ने राज्य स्तर पर सेवा संघों से जुड़े विषयों और कर्मचारियों से संबंधित मुद्दों की जानकारी ली।

बैठक को कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न सेवा मामलों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा), जयपुर की महानिदेशक श्रेया गुहा भी उपस्थित रहीं।