कुत्ते की पुंछ जैसे सपा नेता : योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव ने भी साधा निशाना
Wednesday, 18 Sep 2024 13:30 pm

Golden Hind News

गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और सपा नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर वार किये। योगी आदित्यनाथ के कुत्ते वाले बयान के साथ शुरू हुआ यह दौर पूरे दिन चला। 

उत्तर प्रदेश : उत्तर-प्रदेश के मुख्यमंत्री और सपा पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच वाद-प्रतिवाद का दौर एक तीखा मोड ले चुका है। दोनों ही एक दूसरे पर तीखे जुमलों में वार कर रहे हैं। गुरुवार को योगी आदित्यनाथ के कुत्ते वाले बयान के बाद अखिलेश यादव ने भी योगी जी पर वार किया। इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने मिल्कीपुर में 83 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। 

कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती : योगी आदित्यनाथ 

गुरुवार (19 सितंबर) को मिल्कीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने जमकर अखिलेश की पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, "अब जब बहु-माफ़ियों पर कार्यवाही हो रही है तो उनके सरगना को तकलीफ हो रही है। जिस तरह कुत्ते की पुंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले समाजवादी पार्टी के दरिंदे भी कभी ठीक नहीं हो सकते।" साथ ही उन्होंने कहा कि, "हर जिले का बड़ा माफिया सपा से जुड़ा था। माफिया समानांतर सरकार चलाकर अराजकता एवं गुंडागर्दी का तांडव करते थे तो बबुआ घर से बाहर नहीं निकलता था। बबुआ 12 बजे सोकर उठता था। जनता पिसती थी।" साथ ही, उन्होंने तो ये तक कह दिया कि कुछ लोगों को 'हरे कृष्ण, हरे राम' की धुन पसंद नहीं थी। 

दंगाइयों के सामने नाक रगड़ती थी सरकार : योगी आदित्यनाथ 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, "दीपोत्सव पर अयोध्या के मंदिरों पर जब दीप जलते हैं तो सिर्फ सपा मुखिया और पाकिस्तान को परेशानी होती है क्योंकि इन्हें मालूम है कि अयोध्या में जलने वाला एक-एक दीप अयोध्या, प्रदेश एवं देश को रोशन करेगा और मानवता पर कैंसर बन चुके पाकिस्तान को भी नेस्तनाबूद करने का सामर्थ्य रखता है। " उन्होंने पाकिस्तान की ही तरह सपा को भी हिन्दू विरोध मानसिकता वाला कहकर पुकारा। मुख्यमंत्री ने कहा कि, "सपा को वही विवादित ढांचा प्यार था जिसे रामभक्तों ने नेस्तनाबूद कर दिया था। जिनके हाथ रामभक्तों के खून से सने हैं, वे जब अयोध्या की चर्चा करते हैं तो ताज्जुब होता है, लोग हंसते हैं कि ये अयोध्या के बारे में क्या चर्चा करेंगे।  माफिया के सामने नाक रगड़ने और दंगाइयों के सामने घुटने टेकने वाला व्यक्ति संत परंपरा को माफिया कहता है, इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है। ये लोग गरीबों की जमीन पर कब्जा कर अराजकता फैलाते हैं। राजनीतिक स्वार्थ के लिए देशद्रोही तत्वों को प्रश्रय देते हैं।"

मिल्कीपुर में 83 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण 

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोध्यावासियों को 83 करोड़ रुपये की सौगात दी। इसी दौरान मिल्कीपुर के विद्या मंदिर इंटर कालेज में 83 करोड़ की 37 योजनाओं का लोकार्पण किया।। लोकार्पण के बाद सपा अध्यक्ष पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि, "जिन लोगों ने अयोध्या को राम भक्तों के लहू से सींचने का काम किया है, वो आज अयोध्या में जमीन घोटाले का आरोप लगा रहे हैं। वहीं सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में कोई जमीन घोटाला नहीं हुआ है। बल्कि विकास परियोजनाओं के लिए ली गई जमीन के बदले 1,700 करोड़ रुपये का मुआवजा लोगों को दिया गया है।"

कोई अपशब्दों का विश्व रिकार्ड बनाने में लगा है : अखिलेश यादव 

योगी आदित्यनाथ के बयान का जवाब देते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखते हुए बिना नाम लिए ही योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि, "अब कोई अपशब्दों का विश्व रिकॉर्ड बनाने में लगा है। इंसान की ‘सोच’ ही शब्द बनकर निकलती है। सबको सन्मति दे…"

कलेजे में जलन मोदी-शाह की वजह से : आईपी सिंह

अखिलेश के ट्वीट से पहले सपा नेता आईपी सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, "मुख्यमंत्री योगीजी अयोध्या में आज भी जहाँ दीप जलते हैं उसे सपा मुखिया श्री अखिलेश यादव जी ने बनवाया था। जलन तो आपके कलेजे में मोदीजी और अमित शाह की वजह से हो रही है जो आपको कुर्सी से हटाने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की भाषा इतनी ओछी नहीं हो सकती। इससे आपके संस्कार और अशिक्षित होने का प्रमाण है।"