
चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने राज्य की जनता और दूध उत्पादकों के हित में दो बड़े फैसलों का ऐलान किया है। सरकार ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मिलने वाले वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर को पांच गुना बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं, किसानों से खरीदे जाने वाले दूध के खरीद मूल्य में भी बढ़ोतरी की गई है।
सरकार के नए फैसले के मुताबिक मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अब पात्र लाभार्थियों को ₹25 लाख तक का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। इससे गंभीर बीमारियों और महंगे इलाज की स्थिति में परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
पहले इस योजना के तहत ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध था। सरकार ने इसे बढ़ाकर ₹25 लाख कर दिया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र के साथ ही सरकार ने दूध उत्पादकों के लिए भी बड़ा फैसला लिया है। आविन द्वारा किसानों से खरीदे जाने वाले दूध का खरीद मूल्य ₹38 से बढ़ाकर ₹41 प्रति लीटर कर दिया गया है।
सरकार के अनुसार, इस फैसले से राज्य के करीब 3.16 लाख दूध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा। दूध खरीद मूल्य बढ़ने से किसानों की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।
दूध खरीद मूल्य में बढ़ोतरी के कारण सरकार पर हर महीने लगभग ₹30 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार आने का अनुमान है। सरकार का कहना है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
दोनों फैसलों को स्वास्थ्य सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एक ओर जहां स्वास्थ्य बीमा कवर बढ़ने से आम लोगों को महंगे इलाज के खर्च से राहत मिलेगी, वहीं दूध खरीद मूल्य बढ़ने से पशुपालक किसानों को आर्थिक फायदा मिलने की उम्मीद है।