केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल ने विकास कार्यों का किया उद् बीकानेर के खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं विद्युत सुविधाओं की सौगात
Monday, 17 Aug 2026 00:00 am

Golden Hind News

केंद्रीय विधि एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को अपने एक दिवसीय बीकानेर प्रवास के दौरान खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य एवं विद्युत क्षेत्र की महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल एवं खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने मोतीगढ़ में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इस भवन के निर्माण पर 159 लाख रुपए की स्वीकृत राशि व्यय हुई है।

159 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया

इसके पश्चात सत्तासर में 143 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 175 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से निर्मित 33/11 केवी जीएसएस का लोकार्पण किया गया। इसके बाद खरबारा में 159 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया गया। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य, बिजली और अन्य आवश्यक सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से ग्रामीणों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मजबूत विद्युत तंत्र ग्रामीण विकास की आधारशिला है। सत्तासर में 33/11 केवी जीएसएस के लोकार्पण से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। 

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य और विद्युत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य और विद्युत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन तैयार होने से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी तथा सत्तासर में 33/11 केवी जीएसएस के शुरू होने से विद्युत व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ सरकार के समक्ष रखा जा रहा है और विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इन विकास कार्यों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी खाजूवाला क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ पुखराज साध, बीसीएमओ डॉ मुकेश मीणा, डॉ सत्यप्रकाश आचार्य, एडवोकेट अशोक प्रजापत, संतोषानंद महाराज, सत्तासर प्रशासक बरकत अली, बिल्लू खां कोहरी, सवाई सिंह तंवर, मुकेश शर्मा,लक्ष्मण बुरिया, डूंगर राम सेन समेत अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।