राजधानी के पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन को मिलेगी नई रफ्तार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज–2 परियोजना का भूमि पूजन किया
Wednesday, 22 Jul 2026 02:30 am

Golden Hind News

जयपुर में मेट्रो विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का भूमि पूजन किया। भूमि पूजन के साथ ही इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का निर्माण कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। करीब 13 हजार 37 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने से राजधानी का सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क और मजबूत होगा. जयपुर मेट्रो फेज-2 के निर्माण से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों और शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

41.64 किमी के कॉरिडोर से उत्तर-दक्षिण जयपुर होगा कनेक्ट

राजधानी जयपुर की बहुप्रतीक्षित मेट्रो फेज-2 परियोजना का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक कैलाश वर्मा, बालमुकुंद आचार्य, गोपाल शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में भूमि पूजन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही राजधानी में आधुनिक और तेज सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी. फेज-2 के तहत 41.64 किमी लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा. इससे सीतापुरा, सांगानेर, टोंक रोड, एयरपोर्ट, गांधी नगर, खासाकोठी, विद्याधर नगर और टोड़ी मोड़ एक ही मेट्रो लाइन से जुड़ जाएंगे. प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद शहर के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच यात्रा तेज और सुविधाजनक होगी.

15 साल बाद धरातल पर उतरी परियोजना

जयपुर मेट्रो फेज-2 की पहली डीपीआर वर्ष 2011 में तैयार हुई थी. इसके बाद अलग-अलग सरकारों के दौरान पांच बार संशोधन किए गए. आखिर वर्तमान राज्य सरकार ने परियोजना को अंतिम मंजूरी दिलाई और केंद्र सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद अब इसका निर्माण शुरू हो गया. फेज-2 के पहले पैकेज का अधिकांश हिस्सा मुख्यमंत्री शर्मा के सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगा. इस हिस्से में 918 करोड़ रुपए का निर्माण कार्य होगा. फेज-1 की सफलता के बाद बड़ा विस्तार वर्तमान में जयपुर मेट्रो मानसरोवर से बड़ी चौपड़ तक 11.64 किमी लंबे कॉरिडोर पर संचालित हो रही है, जहां हर दिन हजारों यात्री सफर करते हैं. फेज-2 पूरा होने के बाद राजधानी का मेट्रो नेटवर्क कई गुना विस्तृत होगा. जयपुर को आधुनिक, तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मिलेगी.