सैनिक कल्याण पर CM भजनलाल के निर्देश सैनिक कल्याण को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश
Friday, 17 Jul 2026 02:30 am

Golden Hind News

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को सैनिक कल्याण विभाग की बैठक में अधिकारियों को शहीद परिवारों, पूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा भावना के प्रतीक हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक कल्याण के कार्यों में योगदान देते रहते हैं। उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने भारतीय सेना की वीर गाथाओं और शौर्य के प्रतीकों से आमजन को परिचित कराने के लिए योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, शहीद स्मारकों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने और प्रदेशभर में स्मारकों का एकरूप मॉडल विकसित करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों, पूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। सैनिकों के सम्मान और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।

बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर सुरेंद्र सिंह और रैक्सको के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल विजय सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव सैनिक कल्याण भास्कर ए. सावंत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।