
हरियाणा विधानसभा की जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली और लोक निर्माण समिति ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से जयपुर में मुलाकात की I हरियाणा के विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिढ्ढा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने संसदीय कार्यप्रणाली पर चर्चा की और विधानसभा के 'राजनीतिक आख्यान संग्रहालय' का अवलोकन किया. वासुदेव देवनानी से मिढ्ढा सहित समिति के सदस्यों की विधान सभा की कार्यवाही, स्थगन, विशेष उल्लेख प्रस्ताव, प्रश्नकाल के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा हुई।
हरियाणा विधानसभा की जन स्वास्थ्य और लोक निर्माण समिति ने की शिष्टाचार भेंट
हरियाणा विधान सभा की जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली और लोक निर्माण (भवन एवं सडके) समिति ने राजस्थान विधानसभा के सदन, भवन तथा राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन किया। समिति ने विधानसभा भवन की आधुनिक व्यवस्थाओं, सदन की कार्यप्रणाली तथा आख्यान संग्रहालय में संजोई गई राजस्थान की लोकतांत्रिक एवं संसदीय विरासत का अवलोकन किया। उन्होंने राजस्थान विधानसभा में अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य विधानमंडलों के लिए भी अनुकरणीय बताया। इस मौके पर हरियाणा विधान सभा समिति के सदस्य नरेश सेलवाल, कपूर सिंह, सतीश कुमार फगाना और मोहम्मद इसराइल मौजूद थे।
हरियाणा से आए समिति सदस्यों ने आधुनिक व्यवस्थाओं और नवाचारों की जमकर सराहना की
बैठक में दोनों राज्यों की विधानसभाओं की कार्यप्रणाली, प्रश्नकाल, स्थगन प्रस्ताव और संसदीय नवाचारों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। हरियाणा से आए समिति सदस्यों ने राजस्थान विधानसभा के सदन, भवन और राजनीतिक आख्यान संग्रहालय का दौरा कर यहाँ की आधुनिक व्यवस्थाओं और नवाचारों की जमकर सराहना की।