दीक्षांत समारोह में पत्रकारिता मूल्यों पर जोर जयपुर में हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह सम्पन्न, पत्रकारिता में सत्य और मूल्यों पर जोर
Wednesday, 25 Mar 2026 02:30 am

Golden Hind News

दीक्षांत समारोह में पत्रकारिता मूल्यों पर जोर, विद्यार्थियों को ज्ञान परंपरा से जुड़ने का आह्वान

हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह सम्पन्न

 जयपुर | 25 मार्च 2026

राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने कहा कि पत्रकारिता और जनसंचार से जुड़े विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा और पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास से जुड़ना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पत्रकारिता में केवल समाचार ही नहीं, बल्कि विचार-संस्कृति का भी विकास होना आवश्यक है।

उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका को याद करते हुए गणेश शंकर विद्यार्थी, विजय सिंह पथिक, कर्पूर चंद्र कुलिश और बिशन सिंह शेखावत का स्मरण किया।

राज्यपाल ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता आवश्यक है, लेकिन स्वतंत्रता का अर्थ स्वच्छंदता नहीं होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, धर्म और विनम्रता के साथ समाज के कल्याण हेतु कार्य करने की प्रेरणा दी।


 भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर जोर

राज्यपाल ने रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये आज भी हमें नैतिकता और जीवन मूल्यों की शिक्षा देते हैं।


 मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के विचार

कार्यक्रम में वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्ति का अवसर नहीं, बल्कि जिम्मेदारी की नई शुरुआत है। उन्होंने 1975 का आपातकाल का उल्लेख करते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला।

वहीं उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में फेक न्यूज एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। ऐसे में पत्रकारों को “सबसे पहले” नहीं बल्कि “सबसे सही” बनने का प्रयास करना चाहिए।


 विद्यार्थियों को उपाधियां और सम्मान

दीक्षांत समारोह में वर्ष 2024 और 2025 के कुल 271 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।


विश्वविद्यालय की उपलब्धियां

कुलगुरु प्रो. नन्द किशोर पाण्डेय ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय मीडिया एवं जनसंचार के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।