
जयपुर : जयपुर में सोमवार देर रात रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है, जिसकी ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
घटना बेनाड़ रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां देर रात करीब 12 बजे रेलवे गार्ड ने ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस के अनुसार शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था और तीन टुकड़ों में बंटा हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
मौके पर जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।