राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में युवाओं से किया संवाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने ‘आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम’ में युवाओं से किया संवाद
Tuesday, 20 Jan 2026 14:00 pm

Golden Hind News

जयपुर: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को लोकभवन में आयोजित “आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम” के अंतर्गत ओडिसा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए आदिवासी युवा प्रतिभागियों से संवाद किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने तथा परस्पर विचार-विनिमय को बढ़ावा देने की दृष्टि से युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में आपसी समझ बढ़ती है और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलती है।

राज्यपाल बागडे ने आदिवासी युवाओं से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उच्च सेवाओं में जाने के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने और सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि आदिवासी युवा दृढ़ संकल्प के साथ उच्च शिक्षा, व्यवसाय और उच्च सेवा परीक्षाओं की तैयारी करें, तो वे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं। इससे आदिवासी समाज का सर्वांगीण और तेज़ विकास संभव होगा।

उन्होंने युवाओं को नशे और व्यसन से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से अशक्त करता है। इससे व्यक्ति की कार्यक्षमता और सोचने-समझने की शक्ति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं।

राज्यपाल ने भारत की संस्कृति को विश्व की प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक बताते हुए कहा कि विविधताओं के बावजूद हमारी श्रद्धा और भक्ति एक है। भारत की संस्कृति लोगों के मनों को जोड़ने वाली है और यही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है।

कार्यक्रम की शुरुआत में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा प्रायोजित इस आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत बिहार, झारखंड और ओडिसा से आए प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान युवाओं ने आदिवासी संस्कृति से जुड़ी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने आदिवासी संस्कृति पर आधारित उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, आयोजकगण एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।