
जयपुर:- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की नीतियों का मुख्य उद्देश्य गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाना है। इसी सोच के तहत मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई आमजन के लिए समाधान का प्रभावी मंच बनती जा रही है।
सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा और पेयजल विभाग से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। कई मामलों का मौके पर ही समाधान होने से आमजन में संतोष और सरकार के प्रति विश्वास देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के पोस्टरों का विमोचन भी किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशील कार्यशैली और त्वरित निर्णयों से यह स्पष्ट होता है कि राज्य सरकार जनकल्याण और सुशासन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।