
जयपुर,
पटवार भर्ती परीक्षा 2025 के अंतर्गत सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन कार्यक्रम के तहत रविवार को कुल 1,175 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इनमें निर्धारित 1,312 अभ्यर्थियों में से 1,116, तथा पूर्व में अनुपस्थित रहे 59 अभ्यर्थी शामिल थे। वहीं, 196 अभ्यर्थी इस दिन भी अनुपस्थित रहे।
यह जानकारी देते हुए उप निबंधक (भू-अभिलेख) रवीन्द्र कुमार ने बताया कि 8 दिसम्बर से प्रारंभ हुए दस्तावेज सत्यापन कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 7,410 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से अब तक 6,284 सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 1,126 अभ्यर्थी सत्यापन में अनुपस्थित रहे हैं।
दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया के दौरान इस सप्ताह राजस्व मंडल अध्यक्ष हेमन्त कुमार गेरा एवं निबंधक श्री महावीर प्रसाद द्वारा भी प्रक्रिया का अवलोकन किया गया।
दस्तावेज सत्यापन से वंचित रह गए 1,126 अभ्यर्थियों को सोमवार, 15 दिसम्बर को सत्यापन का अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसकी सूचना राजस्व मंडल के पोर्टल पर संबंधित रोल नंबर सहित जारी की जाएगी। शेष अभ्यर्थी आरआरटीआई, अजमेर परिसर में 15 दिसम्बर को उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन करा सकते हैं।