अभिनेत्री नेहा शर्मा ईडी दफ्तर पहुंचीं, मनी ट्रेल खंगाल रही एजेंसी उर्वशी-सोनू के बाद अब नेहा शर्मा से ईडी की पूछताछ, 1xBet लिंक तलाश रही जांच एजेंसी
Tuesday, 02 Dec 2025 02:30 am

Golden Hind News

एक्ट्रेस नेहा शर्मा से ईडी की कई घंटे पूछताछ, एंडोर्समेंट डील्स पर उठे सवाल

नई दिल्ली। ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े हाई-प्रोफाइल मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मंगलवार को अभिनेत्री नेहा शर्मा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंचीं। एजेंसी ने उनसे उन प्रमोशनल गतिविधियों और ब्रांडिंग डील्स को लेकर पूछताछ की, जिनमें उनके शामिल होने की बात सामने आई है।

सूत्रों का कहना है कि नेहा शर्मा का बयान प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत दर्ज किया जा रहा है। जांच एजेंसी को संदेह है कि विदेशी बिचौलियों के जरिये कई लेयर्ड ट्रांजैक्शंस किए गए, जिनका इस्तेमाल बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रचार-प्रसार में हुआ।

इससे पहले कई बड़े नामों से पूछताछ

इस केस में पहले ही बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला, एक्टर सोनू सूद, और क्रिकेटर सुरेश रैना व शिखर धवन से ईडी पूछताछ कर चुकी है। जांच के दौरान एजेंसी ने धवन और रैना की करीब 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच भी की थी।

बिना लाइसेंस भारत में चल रहा था प्लेटफॉर्म

ईडी के अनुसार, 1xBet भारत में बिना किसी अनुमति के ही ऑपरेट किया जा रहा था। सोशल मीडिया, ऑनलाइन वीडियो और सरोगेट विज्ञापनों के माध्यम से भारतीय यूजर्स को टारगेट किया गया। एजेंसी का दावा है कि कुछ सेलिब्रिटीज को किए गए पेमेंट्स गैर-कानूनी स्रोतों को छिपाने के लिए विदेशी चैनलों से भेजे गए।

सरकार पहले ही सख्त

केंद्र सरकार हाल ही में ऑनलाइन बेटिंग और गेमिंग पर नियंत्रण के लिए नए नियम लागू कर चुकी है। ऐसे में यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

ईडी की पूछताछ खत्म होने के बाद नेहा शर्मा ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।