जन्माष्टमी शोभायात्रा की धूमधाम से हो रही तैयारी, सरकारी ने घोषित किया आधे दिन का अवकाश
Friday, 23 Aug 2024 13:30 pm

Golden Hind News

शहर में हर वर्ष निकलने वाली जन्माष्टमी शोभायात्रा को देखते हुए राज्य सरकार ने आधे दिन की छुट्टी करने की घोषणा करी है। यह आदेश राज्यपाल द्वारा जारी किया गया है। 
जयपुर :
राज्य की भजनलाल सरकार ने जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में 27 अगस्त को आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है। यह अवकाश जयपुर शहर में राज्य सरकार के सभी कार्यालयों, राजकीय उपक्रमों एवं शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। सरकार ने यह फैसला शहर में हर साल निकलने वाली जन्माष्टमी शोभायात्रा को देखते हुए लिया है।
इस दिन सभी सरकारी दफ्तर सुबह अपने तय समय पर ही खुलेंगे मगर दोपहर 1.30 बजे के बाद इनमें अवकाश रहेगा। संयुक्त शासन सचिव नीतू राजेश्वर ने राज्यपाल का यह आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि, "भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव की शोभायात्रा के उपलक्ष्य में दिनांक 27 अगस्त को मध्याह्न 1.30 बजे से जयपुर शहर स्थित राज्य सरकार के सभी कार्यालयों, राजकीय उपक्रमों और शिक्षण संस्थानों के लिए आधे दिवस का अवकाश घोषित किया जाता है।" शहर में प्रतिवर्ष यह शोभायात्रा बड़े स्तर पर निकलती है। शोभायात्रा में बड़ी-बड़ी राजनीतिक हस्तियाँ भी शिरकत करती हैं। बता दें कि कुछ दिनों पहले राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने शोभायात्रा को देखते हुए सीएमओ को आधे दिन की छुट्टी करने का प्रस्ताव भेजा था। राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 22 अगस्त की रात इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। 

शोभायात्रा से भक्तिमय होगा जयपुर 

बड़ी चौपड़ और हवामहल के आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाली इस शोभायात्रा से पूरा शहर श्रद्धामय हो जाता है। यात्रा में श्रद्धालु नाचते गाते दिखते हैं। यात्रा में छोटे-छोटे बच्चे भी कृष्ण कन्हैया बनकर शामिल होते हैं। यात्रा को लेकर महिलाओं में भी खासा उत्साह नजर आता है। पिछले वर्ष यह यात्रा बड़ी चौपड़ से होते हुए निकली थी। पिछले कुछ दिनों से शहर के गोविंद देव जी मंदिर एवं अन्य मंदिरों में जोरों शोरों से जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां चल रही हैं।