दिल्ली में अब तक 10 हजार लोगो का रेस्क्यू, कुल्लू-मनाली में हुआ भूस्खलन पंजाब में बाढ़ का कहर, राज्य आपदा प्रभावित घोषित, अब तक 30 लोगो की मौत
Wednesday, 03 Sep 2025 13:00 pm

Golden Hind News

पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ के चलते राज्य सरकार ने पूरे पंजाब को आपदा प्रभावित घोषित किया है। प्रदेश के सभी 23 जिले बाढ़ग्रस्त हैं, 1200 से ज्यादा गांवों में पानी है। अब तक 30 लोगों की मौत हुई है, 3 लोग लापता हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित गांवों में 324 गुरदासपुर के हैं। गुरदासपुर में मंड एरिया में कई फीट तक पानी भरा है। कई घरों में पानी भर चुका है। यहां वोट के जरिए लोगों की मदद की जा रही है। स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीमें वोट में खाने-पीने का सामान रखकर लोगों के घरों में जाकर मदद मुहैया करा रहे हैं। यहां 32 किमी के एरिया में पानी भरा हुआ है।

पंजाब के सभी 23 जिले इस समय बाढ़ से जूझ रहे हैं। कई जगह लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक करीब 1400 गांव पानी में डूबे हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर के 324 गांवों पर पड़ा है। अमृतसर में 135, बरनाला में 134 और होशियारपुर में 119 गांव प्रभावित हुए हैं। 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं।

 दिल्ली में 10 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया

दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान (205 मीटर) के ऊपर 206.80 मीटर पर बह रही है। नदी का जलस्तर बढ़ने से गांधी नगर के यमुना खदर क्षेत्र में पानी भर गया है।  नदी के पास बना लोहे का पुल बंद किया गया है। यमुना बाजार-तिब्बती बाजार में पानी भरा है। निचले इलाकों से 10 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया है। दिल्ली में स्कूल बंद रखे गए हैं। ऑनलाइन क्लास जारी हैं।अधिकारियों के अनुसार, यमुना का जलस्तर 206.80 मीटर दर्ज किया गया है। बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए है।

हरियाणा के 23 जिलों में बाढ़ के हालात

हरियाणा में झज्जर, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला समेत अन्य जिलों के 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं। पंजाब के अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, बठिंडा समेत 23 जिलों में अब भी बाढ़ के हालात हैं। 1400 गांवों के 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। आपदा में अब तक 30 लोगों की मौत हो गई है। हरियाणा के पानीपत, सोनीपत और अंबाला में सुबह से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 4 जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज में आज सुबह 6 बजे 1 लाख 68 हजार 883 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया।बैराज के फ्लड गेट 63 घंटे से खुले हैं।

हिमाचल में 1300 सड़कें बंद, यूपी के 20 शहरों में तेज बारिश

हिमाचल प्रदेश, सुंदरनगर भूस्खलन में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 6 हुआ

हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट की चेतावनी के बीच भारी बारिश तबाही मचा रही है।  मंडी जिले के सुंदरनगर में मंगलवार शाम दो घरों पर लैंडस्लाइड हुई थी। हादसे में मरने वालों की संख्या 6 हो गई है। इनमें चार लोग एक ही परिवार के दब गए। मां भारती (30), उसकी 3 साल की बेटी कीरत और मकान मालिक शांति देवी (70) साल का शव बरामद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कल शाम 4 लोगों को मलबे से निकाला गया था। इलाज के दौरान एक महिला और बच्चे की मौत हो गई थी। एक शव मलबे से बरामद किया गया था। बुधवार सुुबह 3 और शव निकाले गए। 3 और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

जम्मू-कश्मीर लगातार हो रही बारिश 

जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश जारी है। कश्मीर घाटी में लगातार हो रही बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है।  पुंछ जिले को जोड़ने वाले मुगल रोड पर कई जगह लैंडस्लाइड हुई है। अखनूर में चिनाब नदी उफान पर है। नदी का पानी बढ़ने से जिया पोटा घाट डूब गया है और घाट पर स्थित मंदिर डूबने लगे हैं।  इसके कारण रास्ते को बंद किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने यहां आए लोगो को इसकी जानकारी दी। साथ ही अपील की है कि सभी सुरक्षित स्थानों पर रहें। जरूरत न हो तो घरों से न न निकलें। और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए तेज बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखे जाने के आदेश जारी किए हैं। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मौसम की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।