
जयपुर : राजस्थान के वरिष्ठ शिक्षाविद और शिक्षा नीति के गहन चिंतक प्रो. एन. डी. माथुर को उनके अद्वितीय योगदान के लिए इस वर्ष का प्रतिष्ठित ‘माला माथुर मेमोरियल लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड – 2025’ प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 6 सितम्बर 2025, शनिवार को शाम 5 बजे जवाहर कला केंद्र, जयपुर में आयोजित होने वाले 14वें प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवार्ड समारोह में दिया जाएगा।
प्रो. एन. डी. माथुर पिछले कई दशकों से शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे न केवल एक शिक्षक रहे हैं बल्कि शिक्षा के विविध पहलुओं पर शोध और विमर्श के भी महत्वपूर्ण स्तंभ माने जाते हैं। नई शिक्षा नीति (NEP 2020) पर उनके विचार और अकादमिक मार्गदर्शन ने शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा दी है। उन्होंने हमेशा शिक्षा को सिर्फ ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार माना है।
माला माथुर मेमोरियल लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है। यह सम्मान प्रो. एन. डी. माथुर को न केवल उनके अकादमिक योगदान बल्कि छात्रों, शिक्षकों और समाज को प्रेरित करने वाले उनके व्यक्तित्व और विचारधारा के लिए दिया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि इस समारोह में लगभग 200 से अधिक विशिष्ट शिक्षाविद, विद्यार्थी, अभिभावक, गणमान्य सदस्य और अतिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। वहीं, सभी पुरस्कार विजेताओं के साथ ग्रुप फोटो और डिनर का भी आयोजन होगा।
समारोह को थार सर्वोदय संस्थान, सिम्पली जयपुर और रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।