
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर राजस्थान में बड़ी हलचल मचा दी है. ईडी ने राजधानी जयपुर में Deblock नाम की कंपनी और उससे जुड़े निदेशकों के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. यह कंपनी शेयर बाजार में लिस्टेड बताई जा रही है. कंपनी की ओर से बड़े पैमाने पर वित्तीय फर्जीवाड़ा करने की गंभीर शिकायतें ईडी को मिली थी. उसके बाद इस सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा है. बताया जा रहा है कि इस कंपनी ने बीते दिनों अपने शेयर को रॉकेट बना दिया था.सूत्रों के मुताबिक इस कंपनी का शेयर महज छह महीने में 8 रुपये 153 रुपये पहुंच गया था।. कंपनी पर फर्जी कंपनियां बनाने और डमी निदेशकों के जरिए भारी वित्तीय अनियमितताएं करने का आरोप है. ईडी की ओर से डिबॉक कंपनी के मालिक मुकेश मनवीर सिंह के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन की कार्रवाई की जा रही है. उनके जयपुर, टोंक और देवली सहित देशभर में कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन की कार्रवाई चल रही है.
ED ने कंपनी के मालिक मुकेश मनवीर सिंह के जयपुर, टोंक, देवली सहित देशभर के कई ठिकानों पर छापे मारे हैं. जयपुर के वैशाली नगर की लोहिया कॉलोनी में स्थित उनके आवास और कार्यालय भी छापे की जद में आए. जांच में एक दर्जन से ज्यादा वीवीआईपी गाड़ियों का स्टॉक मिला है.
Deblock ग्रुप के खिलाफ यह कार्रवाई शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियों में फर्जीवाड़े की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर भी अहम मानी जा रही है. ED की टीम फिलहाल दस्तावेजों की जांच और इलेक्ट्रॉनिक डेटा के विश्लेषण में जुटी है. करोड़ों रुपए की लग्ज़री गाड़ियों का मालिक मुकेश मनवीर अब एजेंसी की रडार पर है, और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है.