
खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय हुए राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में केवल टी-शर्ट इत्यादि की खरीद पर हुए व्यय में यदि कोई भ्रष्टाचार हुआ है तो राज्य सरकार वित्त विभाग के माध्यम से इसकी पूरी जांच कराएगी। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यह गंभीर चिन्ता का विषय है कि पूर्ववर्ती सरकार के समय 126 करोड़ रुपए की राशि इनकी खरीद पर व्यय कर दी गई। खेल विभाग के बजट से भी 4 गुना अधिक बजट इन खेलों के आयोजन में किया गया और किसी भी नए स्टेडियम अथवा स्थायी परिसंपत्ति का निर्माण नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्य खेल अधिकारी के चयन को लेकर भी किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी भी जांच कराई जाएगी।
12 दिन तक अलग-अलग खेल प्रतियोगिता होगी
खेल मंत्री ने कहा- 12 दिन अलग- अलग गेम्स का आयोजन किया जाएगा। इनमें आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, स्विमिंग, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, वेट लिफ्टिंग, रेसलिंग, रग्बी, योगासन, मलखंभ, शूटिंग, साइक्लिंग, हैंडबॉल, चेस, स्क्वैश और वूशु जैसे कई खेलों की प्रतियोगिता होगी। हालांकि केंद्र सरकार की ओर से इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
जयपुर में होंगे सभी आयोजन
खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- इस आयोजन में यूनिवर्सिटी स्तर की टीमें ही हिस्सा लेंगी। अगर इसमें ऑफिशिल्स को भी शामिल कर लिया जाए, तो लगभग 8 हजार से ज्यादा खेलों से जुड़े लोग इसमें हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि यह सभी खेल राजस्थान यूनिवर्सिटी, पूर्णिमा यूनिवर्सिटी, सवाई मानसिंह स्टेडियम, जगतपुरा शूटिंग रेंज, राजस्थान पुलिस एकेडमी और विद्याधर नगर स्टेडियम में होंगे। इन सभी स्थानों को और बेहतर किया जाएगा। इसके लिए राजस्थान सरकार के साथ ही केंद्र सरकार भी आर्थिक मदद करेगी।
इसमें 20 करोड़ रुपए केंद्र सरकार के खेल मंत्रालय की ओर से स्वीकृत भी हो चुके हैं। बाकी खर्चा राजस्थान सरकार के स्तर पर किया जाएगा। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलो इंडिया मुहिम के तहत देश में खेलो के इन्फ्रास्ट्रक्चर को छोटे कस्बों तक डेवलप किया है। जिससे न सिर्फ खेलो का विकास हो रहा है। बल्कि, खिलाड़ी भी तैयार हो रहे हैं। जो देश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर रहे हैं।