छात्र नेता निर्मल चौधरी व सांगरिया विधायक अभिमन्यु पूनियां को पुलिस ने हिरासत में ले लिया जयपुर में एग्जाम देते विधायक-छात्रनेता को पुलिस ने पकड़ा, MLA अभिमन्यु पूनिया, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी हिरासत में
Saturday, 21 Jun 2025 13:00 pm

Golden Hind News

 राजस्थान यूनिवर्सिटी  के छात्र नेता निर्मल चौधरी व सांगरिया विधायक अभिमन्यु पूनियां को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आज सुबह पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर से परीक्षा के समय निर्मल चौधरी को पकड़ा। इसके बाद छात्र राजनेताओं में हलचल तेज हो गई है। आज सुबह 8 बजे हिरासत में लिया गया है। निर्मल चौधरी को हिरासत में लेने के लिए पुलिस सुबह से ही राजस्थान यूनिवर्सिटी में डेरा डाले हुई थी। उधर, दोनों ने सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी पोस्ट और वीडियो भी शेयर किया है। लिखा है- पुलिस गुंडागर्दी कर रही है और बिना वर्दी के बीच परीक्षा से ले जा रही है। 

गांधी नगर थाने ले गई पुलिस 

निर्मल चौधरी राजस्थान विश्वविद्यालय में दर्शन शास्त्र का फोर्थ सेमिस्टर का पेपर देने के लिए गए हुए थे। निर्मल ने आरोप लगाया कि है आज सुबह से ही उनके पीछे जयपुर पुलिस सिविल वर्दी में घूम रही थी। जैसे ही वे एग्जाम देने आए उसी दौरान सिविल ड्रेस में आई पुलिस ने उन्हें जबरन सेंटर से हिरासत में ले लिया। इस दौरान वहां मौजूद सांगरिया विधायक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। वे भी एग्जाम देने आए हुए थे। पुलिस ने दोनों को डिटेन कर पहले गांधी नगर थाने लेकर गई। 

 भाजपा सरकार तानाशाही रवैए से चुने हुए जनप्रतिनिधियों और छात्र शक्ति की आवाज़ को कुचलना चाहती- गोविंद डोटासरा

 पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने कहा कि राजस्थान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक अभिमन्यु पूनियां एवं राजस्थान विश्वविद्यालय के निवर्तमान अध्यक्ष निर्मल चौधरी को परीक्षा केंद्र से जबरन हिरासत में लेना अलोकतांत्रिक और अत्यंत निंदनीय है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैए से चुने हुए जनप्रतिनिधियों और छात्र शक्ति की आवाज़ को कुचलना चाहती है। सरकार का यह कृत्य अस्वीकार्य है। उन्हें अविलंब रिहा किया जाए, अन्यथा कांग्रेस का कार्यकर्ता सड़कों पर आंदोलन करेगा।